You are currently viewing Unlock 5: 7 महीने के लंबे इंतजार के बाद आज से खुलेंगे सिनेमाघर और स्विमिंग पूल, जाने से पहले जान लें ये जरूरी नियम

Unlock 5: 7 महीने के लंबे इंतजार के बाद आज से खुलेंगे सिनेमाघर और स्विमिंग पूल, जाने से पहले जान लें ये जरूरी नियम

नई दिल्ली: कोरोना काल के चलते बंद हुई कई गतिविधियों पर जहां छूट मिल चुकी है, तो वहीं कुछ गिनी-चुनी चीजों पर अभी भी प्रतिबंध जारी है। आज से देश में अनलॉक 5 की शुरुआत हो गई है। इसी बीच पूरे 7 महीने के लंबे इंतजार के बाद अनलॉक 5 के तहत देश के सिनेमाघर से लेकर मल्टीप्लेक्स, स्विमिंग पूल और मनोरंजन पार्क को आज से खोलने की इजाजत दी गई है। जी हां लोगों के लिए खुशखबरी ये है कि आज से सिनेमाघर खुल जाएंगे। इसके लिए सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने एक विस्तृत गाइडलाइंडस भी जारी की है। जिसे लोगों को ऐसी जगहों पर जाने से पहले जान लेना बेहद जरूरी होगा।

सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स के लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से विस्तृत गाइडलाइंडस जारी कर दी गई है। केंद्र ने 15 अक्टूबर से देश में सिनेमा हॉल्स, थियेटर, मल्टीप्लेक्स 50 फीसदी क्षमता के साथ खोलने की इजाजत दी है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश समेत देश के अधिकतर राज्यों में करीब 7 माह से बंद सिनेमाघर तथा मल्टीप्लेक्स खुलने जा रहे हैं। केंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुसार प्रदेश सरकारों ने भी इनको खोलने का निर्णय लिया है। सिनेमाहॉल तथा मल्टीप्लेक्स फिलहाल कंटेनमेंट जोन के बाहर खोले जाएंगे। कंटेनमेंट जोन में इनको खोलने की अनुमति फिलहाल नहीं है।

 

 

हालांकि नई फिल्मों के रिलीज होने तक गोवा में सिनेमा हॉल नहीं खुलेंगे। गोवा सरकार ने केंद्र के दिशानिर्देशों के अनुसार आज से सिनेमा हॉल को फिर से खोलने की अनुमति दी है, लेकिन राज्य के सिनेमाघर मालिकों का कहना है कि नई फिल्मों के रिलीज होने तक वे सिनेमाघरों को नहीं खोलेंगे। अगले आदेश तक कैसिनो भी बंद रहेंगे।

गुजरात में भी आज सिनेमाघर नहीं खुलेंगे। गुजरात में सरकार के दिशा निर्देशों के अनुसार आज से सिनेमाघर खुलने थे, लेकिन उनके मालिकों और फिल्म वितरकों के बीच पुरानी फिल्में फिर से चलाने पर समझौता न होने कारण अब शनिवार को सिनेमाघर खुलने की उम्मीद जताई जा रही है। कोविड-19 महामारी फैलने के बाद लागू किये गए लॉकडाउन के कारण मार्च से सिनेमाघर और मल्टीप्लेक्स बंद थे।

सिनेमाघर संचालन को लेकर ये दिशा-निर्देशों दिए गए:-
दर्शकों को अपने मोबाइल पर आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करना होगा।
फिल्म देखते समय खाने-पीने की वस्तुओं पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
सिनेमाघरों में दर्शकों को एक-एक सीट छोड़कर बैठाने का इंतजाम करना होगा।
जिन सीटों को मोड़ा नहीं जा सकता है, उनके ऊपर क्रॉस का निशाना लगाना होगा।
फिल्म देखने के लिए टिकट खरीदने की पूरी व्यवस्था ऑनलाइन होगी।
दर्शकों की सुविधा के मुताबिक, एसी की तकनीकी प्रणाली में बदलाव करना होगा। प्रवेश-निकासद्वार, सीट और लॉबी को समय-समय पर साफ करना होगा।
सिनेमा हॉल को प्रत्येक शो के बाद साफ करना होगा।
सिनेमा हॉल में प्रत्येक व्यक्ति को मास्क पहन कर रहना होगा और दर्शकों को सैनिटाइजर देना होगा।

 

 

मनोरंजन पार्क को खोलने की इजाजत
दरअसल पार्क खोलने के लिए भी कई दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। ऐसे में नियमों के मुताबिक जिन सतहों को लोग बार-बार छूते हैं, उन खाली जगहों को हर रोज पार्क खुलने से पहले और बंद होने के बाद साफ करने का आदेश दिया गया है। साथ ही और भी कई समय पर सफाई करना जरूरी होगा. इसी के साथ ही पार्क मैनेजमेंट को जरूरी सुरक्षा अधिकारियों को भी तैनात करने पड़ेगा। ताकि पार्क में ज्यादा भीड़ इकट्ठी न हो सके।

आज से शुरू होंगे स्वीमिंग पूल
थियेटर, मल्टीप्लेक्स और सिनेमा हॉल के अलावा आज से स्वीमिंग पूल भी खुल जाएंगे। खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए इस्तेमाल किए जा रहे स्विमिंग पूल को फि‍र से खोलने की अनुमति दी गई है। दिशानिर्देश के मुताबिक, एक ओलंपिक साइज पूल में एक बार में 20 तैराक ही ट्रेनिंग ले सकेंगे। इसके अलावा तैराकों को कोरोना निगेटिव सर्टिफिकेट देना होगा और इस बात का भी प्रमाण देना पड़ेगा कि वे स्वस्थ हैं।