You are currently viewing पंजाब में प्रचंड शीतलहर का प्रकोप जारी, जानिए राज्य में कौन से जिले सबसे ठंडे

पंजाब में प्रचंड शीतलहर का प्रकोप जारी, जानिए राज्य में कौन से जिले सबसे ठंडे


चंडीगढ़: समूचा उत्तर भारत इन दिनों भीषण ठंड की चपेट में है तथा कुछ इलाकों में पारा शून्य से नीचे चला गया है। अगले तीन दिन प्रचंड शीतलहर से राहत की संभावना नहीं है। मौसम केन्द्र के अनुसार क्षेत्र में अगले दो दिन कुछ स्थानों पर शीतलहर बने रहने तथा उसके बाद 21 से 23 दिसंबर तक कहीं कहीं घना कोहरा ,पाला और शीतलहर का प्रकोप रहेगा। फिलहाल मौसम खुश्क बने रहने और कुछ इलाकों में सुबह चटख धूप खिलने से कड़ाके की ठंड से राहत मिली लेकिन सूर्य अस्त होते ही सर्द हवाओं का प्रकोप जारी है।

शीतलहर के कारण आदमपुर शून्य से कम एक डिग्री, हलवारा शून्य तक अमृतसर शून्य डिग्री, फरीदकोट एक डिग्री,लुधियाना तथा पठानकोट दो डिग्री ,नारनाैल ,करनाल ,हिसार का पारा दो डिग्री तक रिकार्ड किया गया। दिल्ली ,रोहतक ,भिवानी का पारा गिरकर तीन डिग्री दर्ज किया गया। चंडीगढ़ ,अंबाला ,सिरसा ,पटियाला ,गुरदासपुर क्रमश: चार डिग्री,बठिंडा का पारा पांच डिग्री रहा।

 

 

श्रीनगर शून्य से कम छह डिग्री, जम्मू का पारा तीन डिग्री रहा। हिमाचल प्रदेश में कुछ इलाके हिमपात के बाद कड़ाके की ठंड की चपेट में होने से पारे जमाव बिंदू से कई डिग्री नीचे चले गये हैं। धूप खिलने के बावजूद ठंड का कहर जारी है। ऊंचाई वाले इलाकों में प्राकृतिक जलस्रोत जम गए हैं। कई झीलें ,तालाब ,झरने ,नदियों के पानी की उपरी परत जमने से नदियों का जलस्तर कम हुआ है जिसका असर बिजली उत्पादन पर पड़ा है।