चंडीगढ़: पंजाब के राज्यपाल और केंद्र शासित क्षेत्र चंडीगढ़ के प्रशासक वी. पी. सिंह बदनोर की पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद आज राजभवन से विदाई हो गई। बदनोर ने 22 अगस्त 2016 को राज्यपाल और प्रशासक का पदभार सम्भाला था। विदाई के भावुक क्षणों में बदनोर ने कहा कि वह अपने पांच साल के कार्यकाल में राजभवन, पंजाब सरकार और चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों के उन्हें समर्थन एवं सहयोग प्रदान करने के लिये सदैव ऋणी रहेंगे। उन्होंने पांच वर्ष के कार्यकाल के दौरान प्यार, स्नेह और सहयोग प्रदान करने के लिये पंजाब और चंडीगढ़ के जनता का भी आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है बदनोर का कार्यकाल पूरा होने के बाद तमिलनाडु के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित को पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। बदनोर के विदाई समारोह में पंजाब के मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव सुरेश कुमार, मुख्य सचिव विनी महाजन, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव तेजवीर सिंह, राज्यपाल के प्रधान सचिव जे.एम. बालामुरूगन, प्रशासक के सलाहकाल धर्मपाल, निगमायुक्त आनंदिता मित्रा, चंडीगढ़ के पुलिस महानिदेशक प्रवीन रंजन, पंजाब के सूचना एवं जनसम्पर्क निदेशक कमल किशोर, अन्य वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।