जालंधर: पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस की नीति पर चल रही भगवंत मान सरकार ने आज एक बड़ा कदम उठाते हुए अपने ही विधायक पर शिकंजा कसा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार ने भ्रष्टाचार के एक मामले में जालंधर के विधायक रमन अरोड़ा के ठिकानों पर रेड की कार्रवाई की है। इस संबंध में आप पंजाब ने अपने एक्स प्रोफाइल पर कुछ ट्वीट भी शेयर किए हैं जिसमें अपना हो या बेगाना, बख्शा नहीं जाएगा जैसे शब्द लिखे गए हैं।
विजिलेंस टीम ने सुबह करीब 8:45 बजे अरोड़ा के अशोक नगर स्थित आवास पर छापा मारा। जिस समय टीम पहुंची, विधायक कहीं जाने की तैयारी में थे। विजिलेंस टीम ने अरोड़ा को घर के नजदीक एक मंदिर के मोड़ से हिरासत में लिया। इसके बाद टीम उन्हें घर के अंदर ले गई, जहां गहन छानबीन की गई। पुख्ता सबूत मिलने के बाद विधायक को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।
विधायक अरोड़ा की गिरफ्तारी कुछ दिन पहले गिरफ्तार किए गए एक एटीपी से जुड़े मामले से संबंधित है। सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, विधायक पर आरोप है कि उन्होंने जालंधर नगर निगम के जरिए लोगों को नोटिस भिजवाए और फिर पैसे लेकर उन नोटिसों को रफा-दफा करवाया। इस मामले में पहले ही एक एफआईआर (FIR) दर्ज की जा चुकी है।
विधायक पर कार्रवाई की तैयारी पहले से ही चल रही थी। कुछ दिन पहले ही रमन अरोड़ा की सुरक्षा भी वापस ले ली गई थी, जो इस बात का संकेत था कि उन पर कानूनी शिकंजा कसने वाला है।
खास बात यह है कि मात्र चार दिन पहले ही पंजाब विधानसभा की नई कमेटियां गठित की गई थीं। इनमें रमन अरोड़ा को भी पब्लिक अंडरटेकिंग कमेटी का सदस्य बनाया गया था। उनकी गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जब उन्हें एक नई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
View this post on Instagram
Mann government raids the residences of its own MLA