जालंधर: जिले के गोराया के निकट एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। ये दोनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान सिमरजीत सिंह, जो कि गोराया के रहने वाले थे, और लक्की (16), जो गोराया के गांव घुड़का के निवासी थे, के रूप में हुई है। लक्की अपनी छह बहनों का इकलौता भाई था, जबकि सिमरजीत की दो बहनें हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सबसे पहले सड़क सुरक्षा बल और उसके बाद गोराया पुलिस स्टेशन की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जालंधर के फिल्लौर स्थित सिविल अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है।
गांव के रहने वाले शुभ ने जानकारी दी कि दोनों युवक होंडा बाइक पर सवार होकर गोराया से संग ढेसियां की ओर जा रहे थे। हादसे में बाइक को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें लगने के कारण उनकी मौत हो गई। शुभ ने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया है।
शुभ ने आगे बताया कि दुर्घटना को देखकर ऐसा लग रहा है कि किसी वाहन ने युवकों की बाइक को टक्कर मारी और फिर उनके ऊपर से कोई भारी वाहन गुजर गया। उन्होंने बताया कि लक्की छह बहनों का इकलौता भाई था और पढ़ाई करता था। उसके माता-पिता को मन्नतों के बाद पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई थी। वहीं, सिमरजीत राजमिस्त्री का काम करता था।
थाना गोराया के एसएचओ सिकंदर सिंह विर्क अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थे। एसएचओ विर्क ने बताया कि रात करीब आठ बजकर पंद्रह मिनट पर दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर गोराया की ओर से गांव संग ढेसियां की तरफ जा रहे थे। दोनों युवकों की उम्र काफी कम थी और हादसे में दोनों की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि यह हादसा सड़क पर पुल के पास पेट्रोल पंप के सामने हुआ। ऐसा प्रतीत होता है कि किसी अन्य वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। एसएचओ विर्क ने बताया कि मृतकों के परिवारजनों को सूचित कर दिया गया है और उनके बयान दर्ज कर लिए गए हैं। आज सुबह इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
View this post on Instagram
Two friends died in a road accident in front of a petrol pump