You are currently viewing पंजाब में नाबालिग की सगाई रुकवाई गई, दादी बोली- लड़का अच्छा था तो सोचा रोका करवा दूं; पुलिस जांच में जुटी

पंजाब में नाबालिग की सगाई रुकवाई गई, दादी बोली- लड़का अच्छा था तो सोचा रोका करवा दूं; पुलिस जांच में जुटी

अमृतसर: अमृतसर के मोहकमपुरा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की की सगाई का मामला सामने आया है, जिसे समाज सेवी संस्था की सूचना पर बाल विभाग और पुलिस ने रुकवा दिया।

मुस्कान वेलफेयर सोसाइटी की सदस्य सपना मेहरा को देर रात सूचना मिली थी कि तरनतारन रोड के भाई मंझ सिंह इलाके में 14 साल की लड़की की शादी की जा रही है। सपना ने तुरंत बाल विभाग और पुलिस को सूचित किया। जब टीम मौके पर पहुंची, तो लड़के का परिवार वहां से जा चुका था। हालांकि, काफी पूछताछ के बाद पुलिस को जोड़े फाटक इलाके का पता चला, जहां लड़की तैयार हो रही थी। पुलिस तुरंत लड़की को मोहकमपुरा थाने ले आई।

सपना मेहरा ने बताया कि उन्हें कार्रवाई की भनक लगने के बाद लड़की के परिवार ने शायद उन्हें भगा दिया था। लड़की की मां नहीं है और उसकी दादी, निम्मो, यह रिश्ता करवा रही थी। दादी ने दावा किया कि वे केवल ‘रोका’ कर रहे थे और लड़की के बालिग होने पर ही शादी करते। उन्होंने बताया कि वह दिहाड़ी मजदूर हैं और लड़का अच्छा होने के कारण उन्होंने सगाई की सोची थी।

लड़की ने भी कहा कि वह अपनी मर्जी से सगाई कर रही थी और दावा किया कि उसने अपनी पढ़ाई पूरी कर ली है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून के अनुसार 18 साल से कम उम्र की लड़की की सगाई नहीं की जा सकती। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और परिवार से सगाई से संबंधित दस्तावेज भी मांगे हैं। जांच पूरी होने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

In Punjab the engagement of a minor was stopped