चंडीगढ़: पंजाब में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर नकेल कसने के लिए राज्य पुलिस बल में बड़ा फेरबदल होने जा रहा है। लंबे समय से नफरी (कर्मचारियों की संख्या) की कमी से जूझ रही पंजाब पुलिस जल्द ही विभिन्न रैंकों पर नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगी। इसके साथ ही, राज्य के 454 पुलिस थानों को अत्याधुनिक हाई-टेक वाहनों से लैस कर दिया गया है, जिससे पुलिस की ऑपरेशनल क्षमता में काफी वृद्धि हुई है।
सूत्रों के अनुसार, पंजाब पुलिस में पिछले एक दशक से कर्मचारियों की संख्या लगभग 80,000 पर ही अटकी हुई है। इस दौरान सेवानिवृत्त हुए जवानों की जगह पिछली सरकारों द्वारा पर्याप्त नई भर्तियां नहीं की गईं, जबकि राज्य की जनसंख्या और आपराधिक गतिविधियां लगातार बढ़ती रहीं। नफरी की कमी पुलिस बल के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई थी, खासकर पंजाब जैसे सीमावर्ती राज्य के लिए, जहाँ सीमा पार से मिल रही चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
अब मौजूदा सरकार ने इस कमी को दूर करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव को विभिन्न रैंकों पर भर्ती अभियान शुरू करने के लिए हरी झंडी दे दी है।
भर्ती प्रक्रिया के साथ-साथ पुलिस बल के आधुनिकीकरण पर भी जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हाल ही में 139 नए हाई-टेक वाहन थाना प्रभारियों (SHOs) को सौंपे थे। इन वाहनों के मिलने से अब राज्य के सभी 454 पुलिस थानों के पास आधुनिक ऑपरेशनल गाड़ियां हो गई हैं।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि ये वाहन अत्याधुनिक सूचना तकनीक से लैस हैं, जिनसे पुलिस की गश्त में तेजी आएगी और 24 घंटे निगरानी रखना आसान होगा। पहले कई थानों के एसएचओ पुराने और कंडम वाहनों से काम चलाने को मजबूर थे। डीजीपी ने कहा कि इन नए वाहनों से राज्य में नशे और अपराध के खिलाफ चल रही लड़ाई को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि पंजाब को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस के आधारभूत ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है और आने वाले दिनों में ऑपरेशनल क्षमता में और विस्तार किया जाएगा।
View this post on Instagram
Good news for the youth waiting for recruitment in Punjab Police