You are currently viewing चंडीगढ़ में तेज रफ्तार BMW ने साइकिल सवार पुलिसकर्मी को रौंदा, मौके पर हुई मौत; आरोपी फरार

चंडीगढ़ में तेज रफ्तार BMW ने साइकिल सवार पुलिसकर्मी को रौंदा, मौके पर हुई मौत; आरोपी फरार

चंडीगढ़: शहर में बेलगाम रफ्तार का कहर जारी है। चंडीगढ़ में एक तेज रफ्तार BMW कार ने ड्यूटी से लौट रहे एक साइकिल सवार पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिसकर्मी करीब 20 मीटर दूर जा गिरा। यह भयावह घटना रविवार रात सेक्टर 9 स्थित पुलिस मुख्यालय के पीछे हुई।

मृतक की पहचान आनंद देव के रूप में हुई है, जो सेक्टर-26 पुलिस लाइन में रहते थे और सेक्टर-9 पुलिस मुख्यालय में तैनात थे। जानकारी के अनुसार, आनंद देव पुलिस मुख्यालय से सेक्टर-10 की ओर साइकिल पर जा रहे थे और जेब्रा क्रॉसिंग पर सड़क पार कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार BMW ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के समय ट्रैफिक सिग्नल बंद थे और केवल पीली बत्ती ही चमक रही थी। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-3 थाना प्रभारी नरिंदर पटियाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने लाइट पॉइंट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसकी मदद से कार की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी हैं। जांच में सामने आया है कि BMW में दो लोग सवार थे और कैमरे में कार का नंबर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

गौरतलब है कि शहर में तेज रफ्तार के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। रात के समय कई वाहन 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ते नजर आते हैं। सेक्टर 9/10 जन मार्ग पर पुलिस मुख्यालय के पीछे लगे ओवर स्पीड डिटेक्शन कैमरे ने 144 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही एक कार की तस्वीर रिकॉर्ड की थी। इसके बावजूद, ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई केवल चालान जारी करने तक सीमित है, जिसके कारण सड़क हादसों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

a-speeding-bmw-ran-over-a-policeman-riding-a-bicycle-in-chandigarh