चंडीगढ़/जालंधर: मौसम विभाग ने आज पंजाब के 16 जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटों में दक्षिण-पश्चिमी मानसून ने बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के कई हिस्सों में दस्तक दे दी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि यदि मानसून इसी गति से बढ़ता रहा तो आज यह पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में प्रवेश कर जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक मानसून के पंजाब में पहुंचने की स्थिति अनुकूल बनी हुई है।
पंजाब के कई जिलों में पिछली रात रुक-रुक कर बारिश हुई, जिसके बाद आज सुबह मौसम सुहावना बना रहा। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में औसतन 1.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है और यह सामान्य से 1.6 डिग्री कम रहा। राज्य में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अमृतसर में 37.6 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 34.8 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 35 डिग्री सेल्सियस और पटियाला में 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आज बारिश के पूर्वानुमान के चलते पंजाब के 16 जिलों – पठानकोट, अमृतसर, गुरदासपुर, तरनतारन, कपूरथला, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, नवांशहर, लुधियाना, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, संगरूर, मानसा और बरनाला में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने अगले हफ्ते के लिए भी विशेष चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि 26 जून तक पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। 22 जून को चंडीगढ़ और उत्तरी हरियाणा के कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की भी संभावना है। इस दौरान गरज के साथ छींटे पड़ने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।
View this post on Instagram
Monsoon alert in Punjab