मुंबई: पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला पर बनाई जा रही बीबीसी वर्ल्ड सर्विस की डॉक्यूमेंट्री को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह सिद्धू ने महाराष्ट्र के डीजीपी और जुहू पुलिस स्टेशन में एक आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें इस डॉक्यूमेंट्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई है।
बलकौर सिंह का कहना है कि इस डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग 11 जून को दोपहर 3 बजे मुंबई के जुहू में आयोजित की जा रही है, जिसके लिए निमंत्रण पत्र भी भेजे गए हैं। डॉक्यूमेंट्री में दावा किया गया है कि सिद्धू मूसेवाला की जिंदगी और हत्या से जुड़ी कई अनदेखी जानकारियां और रहस्य सामने लाए जाएंगे।
शिकायत में बलकौर सिंह ने आरोप लगाया है कि इस डॉक्यूमेंट्री के लिए उनसे कोई अनुमति नहीं ली गई है। उनका कहना है कि यह फिल्म उनके बेटे की छवि को नुकसान पहुंचा सकती है और चल रहे अदालती मामले की प्रक्रिया को भी प्रभावित कर सकती है।
बलकौर सिंह ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो वह सोमवार को अदालत का दरवाजा भी खटखटाएंगे। उन्हें डर है कि इस डॉक्यूमेंट्री के जरिए उनके बेटे की विरासत को खराब करने की कोशिश की जा सकती है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस या बीबीसी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन सिद्धू मूसेवाला के प्रशंसकों और परिवार के सदस्यों में काफी नाराजगी है।
View this post on Instagram
Demand to ban the documentary made on Sidhu Moosewala