चंडीगढ़: मोहाली के खरड़ विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी (आप) की विधायक अनमोल गगन मान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा विधानसभा स्पीकर को भेजकर इसे स्वीकार करने का आग्रह किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि वह भारी मन से राजनीति छोड़ रही हैं।
शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर उन्होंने लिखा, “मेरा दिल भारी है। मैंने सियासत से संन्यास लेने का फैसला किया है। विधायक के पद से स्पीकर साहिब को दिया मेरा इस्तीफा स्वीकार किया जाए। मेरी शुभकामनाएं पार्टी के साथ हैं। मुझे उम्मीद है कि पंजाब सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरी उतरेगी।”
बता दें कि अनमोल गगन मान एक प्रसिद्ध पंजाबी गायिका हैं और राजनीति में आने से पहले संगीत जगत में एक बड़ा नाम थीं। उन्होंने साल 2020 में आम आदमी पार्टी की सदस्यता ली थी। 2022 के विधानसभा चुनावों में वह मोहाली की खरड़ सीट से विधायक चुनी गईं। उन्होंने अकाली दल के रणजीत सिंह गिल को 37,718 वोटों के बड़े अंतर से हराया था। जीत के बाद उन्हें भगवंत मान सरकार में कैबिनेट मंत्री भी बनाया गया था और उन्होंने पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री के रूप में कार्य किया। हालांकि, पिछले कुछ समय से वह राजनीतिक गतिविधियों से दूर चल रही थीं।
यदि विधानसभा स्पीकर द्वारा अनमोल गगन मान का इस्तीफा मंजूर कर लिया जाता है, तो खरड़ विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना तय है। ऐसे में यह भी अटकलें लगाई जा रही हैं कि उनकी जगह अकाली दल से ‘आप’ में आए रणजीत सिंह गिल यहां से पार्टी के उम्मीदवार हो सकते हैं।
View this post on Instagram
AAP MLA Anmol Gagan Mann resigned