जालंधर: जिले के गोराया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव रुड़का कलां में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक की गोली लगने से दर्दनाक मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब युवक अपनी बंदूक की सफाई कर रहा था और अचानक गोली चल गई। मृतक की पहचान लगभग 34 वर्षीय अनूप संघेड़ा के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटनास्थल से मिली जानकारी के मुताबिक, अनूप एक निजी बैंक में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर कार्यरत था। आज छुट्टी होने के कारण वह अपनी लाइसेंसी बंदूक घर ले आया था। घर पर जब वह अपनी बंदूक साफ कर रहा था, तो अचानक ट्रिगर दबने से गोली सीधे उसके सिर में जा लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम जांच के लिए मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्हें शाम करीब 4 बजे घटना की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर युवक का शव और बंदूक पड़े हुए थे। जांच में पता चला कि बंदूक मृतक अनूप के नाम पर ही रजिस्टर्ड थी।
बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी दुबई में है और उसका एक आठ साल का बेटा भी है। इस आकस्मिक घटना ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। पुलिस ने फिलहाल पारिवारिक सदस्यों के बयान दर्ज कर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।
View this post on Instagram
Tragic accident in Jalandhar