You are currently viewing सगाई के 22 दिन बाद युवक ने लगाया फंदा, 6 मिनट की वीडियो कॉल ने खोला राज; 40 दिन की जांच के बाद मंगेतर समेत 4 पर FIR

सगाई के 22 दिन बाद युवक ने लगाया फंदा, 6 मिनट की वीडियो कॉल ने खोला राज; 40 दिन की जांच के बाद मंगेतर समेत 4 पर FIR

लुधियाना: लुधियाना अंतर्गत साहनेवाल क्षेत्र में 26 वर्षीय रंजीत कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने करीब 40 दिन बाद बड़ा एक्शन लिया है। शुरुआती जांच में जिसे आत्महत्या मानकर महज धारा 174 के तहत निपटा दिया गया था, उसमें अब परिजनों के बयानों और अहम तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मंगेतर समेत 4 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

8 अगस्त को हुई थी सगाई, 2 दिसंबर को बजनी थी शहनाई
मृतक के छोटे भाई आकाश ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि रंजीत कुमार की सगाई 8 अगस्त को सुनीता नाम की युवती के साथ धूमधाम से हुई थी। दोनों परिवारों की रजामंदी से आगामी 2 दिसंबर को शादी की तारीख तय की गई थी और घर में शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। इसी दौरान रंजीत ने अपनी मंगेतर को किसी अन्य युवक के साथ देख लिया था। इसके बाद से ही वह गहरे मानसिक तनाव और परेशानी के दौर से गुजर रहा था।

खुदकुशी से ठीक पहले मंगेतर के घर हुआ था भारी विवाद
परिजनों के अनुसार, खौफनाक कदम उठाने से पहले रंजीत अपनी मंगेतर के घर बात करने गया था। वहां मंगेतर और उसके परिवार वालों के साथ रंजीत की तीखी नोकझोंक और विवाद हुआ। ससुराल पक्ष की ओर से हुए इस विवाद और तल्ख व्यवहार के बाद रंजीत बुरी तरह टूट चुका था और उसका तनाव और ज्यादा बढ़ गया था।

फंदे से लटका मिला शव, मोबाइल में मिली आखिरी 6 मिनट की वीडियो कॉल
विवाद के बाद 30 अगस्त की रात रंजीत अपने कमरे में गया और पंखे से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। अगली सुबह यानी 31 अगस्त को जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला, तो छोटे भाई आकाश ने अंदर जाकर देखा। वहां रंजीत का शव पंखे से लटकता मिला। जब परिजनों ने रंजीत का मोबाइल फोन खंगाला, तो सामने आया कि फंदा लगाने से ठीक पहले रंजीत और उसकी मंगेतर के बीच करीब 6 मिनट तक व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर बातचीत हुई थी।

परिजनों के बयान और डिजिटल सबूतों के बाद पुलिस ने बदली धाराएं
घटना के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया था और शुरुआती स्तर पर इसे सामान्य खुदकुशी का मामला माना था। हालांकि, मृतक के भाई के बयानों, मोबाइल की कॉल डिटेल्स और वीडियो कॉल के डिजिटल रिकॉर्ड्स की गहन जांच के बाद पुलिस ने मामले में धाराएं बदलते हुए मंगेतर समेत 4 आरोपियों को नामजद कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी सबूतों को फोरेंसिक जांच में शामिल कर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Young man hangs himself 22 days after engagement; 6-minute video call reveals the truth; FIR registered against four people