You are currently viewing पति को छोड़ 4 साल से लिव-इन में थी महिला, प्रेमी ने मारी गोली; फिर अपनी ही फैक्ट्री में लाश के साथ किया कुछ ऐसा

पति को छोड़ 4 साल से लिव-इन में थी महिला, प्रेमी ने मारी गोली; फिर अपनी ही फैक्ट्री में लाश के साथ किया कुछ ऐसा

पटियाला: पंजाब के पटियाला में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पति को छोड़कर पिछले चार साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक 28 वर्षीय महिला की उसके ही प्रेमी ने खौफनाक तरीके से गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए आरोपी ने अपनी टाइल फैक्ट्री में वर्करों के साथ मिलकर प्रेमिका की लाश को आग के हवाले कर दिया। थाना सदर पटियाला पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर आरोपी प्रेमी गगनदीप सिंह और उसके साले राजवीर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतका की पहचान कमलप्रीत कौर के रूप में हुई है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

ढाबे पर चाय पीते समय कबूला गुनाह, ऐसे खुला राज

इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा तब हुआ जब 7 अप्रैल 2026 को मृतका कमलप्रीत कौर के भाई जगसीर सिंह के ममेरे भाई आजाद सिंह ने आरोपी को एक ढाबे पर बात करते सुना। आजाद सिंह बलबेड़ा में एक ढाबे पर बैठा चाय पी रहा था, तभी वहां आरोपी गगनदीप किसी अन्य व्यक्ति के साथ बातचीत कर रहा था। गगनदीप ने उस व्यक्ति को बताया कि प्रेमिका कमलप्रीत कौर की वजह से उसके घर में रोज क्लेश रहता था। इसी से तंग आकर उसने कमलप्रीत का कत्ल कर दिया और गांव मर्दांहेड़ी स्थित अपनी टाइल फैक्ट्री में वर्करों के साथ मिलकर लाश को जला दिया। इसके बाद उसने अपने साले राजवीर के साथ मिलकर सबूत मिटाने के इरादे से अस्थियां समाना के गुरुद्वारा गढ़ी साहिब में डाल दीं।

शादीशुदा होने के बावजूद खुद को कुंवारा बताकर दिया था धोखा

मृतका के भाई जगसीर सिंह (निवासी अबलोवाल) ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन कमलप्रीत की शादी 2017 में संगरूर के रौंगला निवासी संदीप सिंह के साथ हुई थी। लेकिन कुछ समय बाद ही अनबन के चलते वह मायके पटियाला लौट आई थी और फिर कभी ससुराल नहीं गई। साल 2022 में परिवार को पता चला कि गगनदीप सिंह (निवासी पंजोला) ने खुद को कुंवारा बताकर कमलप्रीत को पटियाला में किराए के मकान में रखा हुआ है। असल में गगनदीप पहले से शादीशुदा था और इस लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर उसकी अपनी पत्नी परमजीत कौर से अक्सर लड़ाई होती थी। जगसीर के कई बार समझाने के बावजूद गगनदीप ने कमलप्रीत को नहीं छोड़ा था।

शाम के वक्त फैक्ट्री में एक साथ देखे गए थे दोनों

ढाबे पर मिली जानकारी के बाद जब जगसीर सिंह ने अपने स्तर पर पड़ताल की, तो उसे पता चला कि वारदात वाले दिन गगनदीप और कमलप्रीत को शाम के समय उसकी फैक्ट्री में एक साथ देखा गया था। इसके बाद गगनदीप ने अपने साले के साथ मिलकर इस पूरी खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। सारी कड़ियां जुड़ने के बाद जगसीर ने तुरंत पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने बयान के आधार पर आरोपी प्रेमी और उसके साले के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपियों को दबोच लिया जाएगा। 

Woman had been living in a live-in relationship for 4 years after leaving her husband