जालंधर: पंजाब में बढ़ती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने आज बुधवार और कल गुरुवार को बारिश की संभावना जताई है। इसके चलते राज्य में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने पंजाब के हिमाचल प्रदेश से सटे जिलों, जिनमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर और होशियारपुर शामिल हैं, में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बारिश के साथ-साथ तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, बीते दिन पंजाब में औसत अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस अधिक था। बठिंडा में सबसे अधिक 35.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो इस मौसम के औसत से काफी ऊपर है।
हालांकि, मौसम विभाग ने आज भी तापमान में हल्की वृद्धि की संभावना जताई है। लेकिन कल गुरुवार से तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है। यह बदलाव पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश में मौसम में होने वाले परिवर्तन के कारण होगा, जहां भी बारिश के आसार बने हुए हैं।
मौसम विभाग ने यह भी जानकारी दी है कि गुरुवार के बाद शुक्रवार से मौसम एक बार फिर शुष्क हो जाएगा। ऐसे में, पंजाब के लोगों को अगले दो दिनों तक गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।
View this post on Instagram
Weather Update: Chance of rain in Punjab today