फाजिल्का: फाजिल्का जिले के अबोहर में शुक्रवार सुबह रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहाँ सीतो रोड पर रेवनवुड स्कूल के पास एक तेज रफ्तार जेन कार अनियंत्रित हो गई और उसने एक के बाद एक तीन वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर मारने के बाद कार डिवाइडर से जा टकराई। इस हादसे में एक महिला समेत करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। गनीमत रही कि सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है और उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार बेहद तेज थी। अनुमान है कि गाड़ी 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से दौड़ रही थी। बताया जा रहा है कि कार में अचानक कोई तकनीकी खराबी आ गई, जिसके चलते ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और यह हादसा हो गया। कार गांव झोरड़खेड़ा निवासी की बताई जा रही है।
हादसे का शिकार हुए गांव रायपुरा निवासी सुनील कुमार ने बताया कि वह अपने साथी अजय कुमार और अंकुश के साथ बाइक पर गांव से शहर आ रहे थे। तभी पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुनील का पैर बाइक के साइलेंसर में फंस गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
बाइक को टक्कर मारने के बाद बेकाबू कार रुकी नहीं, बल्कि उसने आगे चल रहे एक प्लेटिना बाइक सवार और एक स्कूटी सवार महिला को भी रौंद दिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए सड़क पर गिरे घायलों को संभाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Uncontrolled car speeding at 100 kmph in Punjab: Crushes 3 vehicles, stops after hitting a divider








