
जालंधर: महानगर के सबसे पॉश इलाकों में से एक सूर्या एन्क्लेव में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक खाली प्लॉट से एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 12 जहरीले सांप निकल आए। ट्रिनिटी कॉलेज के पास स्थित इस प्लॉट से कोबरा, तीन नर-मादा के जोड़े और उनके पांच बच्चों समेत सांपों का पूरा कुनबा मिलने से लोगों की सांसें अटक गईं।
इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है, क्योंकि आसपास शहर के कई बड़े कारोबारियों के घर हैं और उनके बच्चे अक्सर इसी खाली प्लॉट के पास खेलते हैं। गनीमत यह रही कि इन सांपों ने किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।

सूर्या एन्क्लेव के निवासी अमित सहगल ने बताया कि सबसे पहले एक पड़ोसी ने प्लॉट में सांप देखे और शोर मचाकर सबको इकट्ठा किया। लोगों के रोंगटे तब खड़े हो गए जब उन्होंने देखा कि वहां एक नहीं, बल्कि कई सांप हैं। तुरंत सपेरों को बुलाया गया। मौके पर पहुंचे दो सपेरों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद बीन बजाकर एक-एक कर सभी 12 सांपों को बाहर निकाला और एक पोटली में बंद कर अपने साथ ले गए।
इलाके के लोगों में इस घटना को लेकर भारी गुस्सा है। उनका आरोप है कि पॉश कॉलोनी होने के बावजूद यहां अवैध रूप से कूड़ा फेंका जाता है और सीवरेज की समस्या भी गंभीर है। इसी गंदगी के कारण खाली प्लॉट सांपों का घर बन गया था। लोगों ने कहा, “हम हर तरह का टैक्स और मेंटेनेंस देते हैं, लेकिन सफाई के नाम पर कोई सहयोग नहीं किया जाता। आज अगर कोई बड़ा हादसा हो जाता तो इसका जिम्मेदार कौन होता?” लोगों ने नगर निगम से इलाके में तुरंत सफाई अभियान चलाने की मांग की है।
View this post on Instagram


Twelve venomous snakes including a cobra were found








