जालंधर: जालंधर में चोरी की एक ऐसी अजीबोगरीब वारदात सामने आई है, जिसे सुनकर पुलिस से लेकर आम लोग तक हैरान हैं। शहर के बस्ती बावा खेल इलाके के तारा सिंह एवेन्यू में स्थित एक बंद कोठी को निशाना बनाते हुए चोरों ने न सिर्फ नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ किया, बल्कि बेखौफ होकर उसी घर में दो दिनों तक अपना डेरा भी जमाए रखा। चोरों की इस बेखौफियत ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
आराम से बनाया चिकन और पी चाय
घटना की सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि चोरों को पकड़े जाने का जरा भी खौफ नहीं था। घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे इन शातिर चोरों ने बकायदा कोठी को अपना ठिकाना बना लिया। परिवार वालों के मुताबिक, जब वे घर पहुंचे तो देखा कि चोरों ने वहां न सिर्फ चाय बनाकर पी थी, बल्कि बड़े मजे से चिकन भी पकाया था। चोरों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने दावत उड़ाने के बाद जूठे बर्तन भी धोकर रख दिए। हालांकि, सिंक में पड़ी चायपत्ती और चिकन के खाली लिफाफों ने उनकी इस ‘पिकनिक’ की पूरी पोल खोल दी।

नकदी से लेकर बाथरूम की टोंटियां तक ले उड़े
इस पूरी वारदात के दौरान चोरों ने घर के चप्पे-चप्पे को खंगाला और जो भी हाथ लगा, उसे अपने साथ ले गए। घर से 10 हजार रुपए की नकदी के अलावा चोरों ने दो गैस सिलेंडर, बाथरूम की टोंटियां और बिजली का सारा सामान भी पार कर दिया। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक युवक को छत के रास्ते घर के अंदर दाखिल होते हुए साफ देखा जा सकता है, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि इस वारदात को बहुत ही इत्मीनान से अंजाम दिया गया है।

पड़ोसी के फोन पर खरड़ से लौटा परिवार
बताया जा रहा है कि यह कोठी पिछले करीब डेढ़ महीने से बंद पड़ी थी, क्योंकि पीड़ित परिवार चंडीगढ़ के पास खरड़ में रह रहा था। सूने घर का फायदा उठाकर ही चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया। 4 अप्रैल को जब पड़ोसियों को घर में कुछ संदिग्ध लगा, तो उन्होंने तुरंत परिवार को इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही जब परिवार जालंधर वापस लौटा, तो घर का मंजर देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। फिलहाल मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।

Thieves stayed in a locked house in Jalandhar for two days, ate chicken and drank tea








