अमृतसर: अमृतसर से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है, जिससे 9 महीने के मासूम बच्चे के सिर से मां का साया छिन गया है। महज ढाई साल पहले ही महिला की शादी हुई थी। मृतका के परिजनों का आरोप है कि दहेज और जमीन के लालच में ससुराल वालों ने उसे पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया है। घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और उन्होंने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।
मौत से आधा घंटा पहले बहन को किया था फोन
मृतका की पहचान 28 वर्षीय कुलजीत कौर के रूप में हुई है, जो राजासांसी इलाके के गांव हरसा छीना की रहने वाली थी। परिजनों के मुताबिक, शनिवार शाम को इस खौफनाक वारदात से करीब आधा घंटा पहले कुलजीत ने अपनी बहन को फोन किया था। उसने फोन पर बदहवास हालत में कहा था कि, ये मुझे मार रहे हैं, जल्दी आ जाओ, मुझे जान से मार देंगे। बहन की यह बात सुनकर मायके वाले तुरंत उसके ससुराल की तरफ दौड़े, लेकिन जब तक वे वहां पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घर के अंदर कुलजीत की लाश पड़ी हुई थी।
पिता की जमीन में हिस्सा मांगने का बना रहे थे दबाव
पुलिस के अनुसार, कुलजीत की ढाई साल पहले लवप्रीत सिंह के साथ अरेंज मैरिज हुई थी। उनका एक 9 महीने का बेटा भी है। मृतका के पिता सुच्चा सिंह और चाचा जगरूप सिंह ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले उसे लगातार परेशान कर रहे थे। पति लवप्रीत, उसकी मां और बहन बार-बार कुलजीत पर दबाव डाल रहे थे कि वह अपने पिता की जमीन में से अपना हिस्सा मांग कर लाए। जब कुलजीत ने मायके की कमजोर आर्थिक स्थिति का हवाला देकर ऐसा करने से मना किया, तो उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।
आरोपी पति की गिरफ्तारी तक नहीं करेंगे अंतिम संस्कार
इस दर्दनाक घटना के बाद से मृतका के परिवार में भारी आक्रोश है। परिजनों ने इंसाफ की मांग करते हुए साफ ऐलान कर दिया है कि जब तक इस मामले में मुख्य आरोपी पति लवप्रीत सिंह को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे अपनी बेटी के शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। दूसरी तरफ, घटना की सूचना मिलते ही राजासांसी चौकी इंचार्ज कुलबीर सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस का कहना है कि उन्होंने मृतका के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

They’ll kill me, come quickly… A call to his sister half an hour before his death, the 9-month-old








