You are currently viewing AAP विधायक की पत्नी का निधन, लंबे समय से कैंसर से लड़ रही थीं जंग; अपने पीछे छोड़ गईं भरा-पूरा परिवार

AAP विधायक की पत्नी का निधन, लंबे समय से कैंसर से लड़ रही थीं जंग; अपने पीछे छोड़ गईं भरा-पूरा परिवार

अमृतसर: अमृतसर सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक डॉ. अजय गुप्ता के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी धर्मपत्नी रेणु गुप्ता का लंबी बीमारी के बाद मंगलवार देर रात निधन हो गया। विधायक की पत्नी के निधन की खबर मिलते ही शहर के राजनीतिक, सामाजिक और उनके समर्थकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है।

वेंटिलेटर पर थीं, रात 10:30 बजे ली अंतिम सांस

पारिवारिक सूत्रों और जानकारी के मुताबिक, रेणु गुप्ता पिछले काफी समय से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। वे लीवर की बीमारी और कैंसर से पीड़ित थीं। बीते कुछ दिनों से उनकी हालत काफी नाजुक बनी हुई थी, जिसके चलते उन्हें अमृतसर के ग्रीन एवेन्यू स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां उन्हें आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ और मंगलवार रात करीब 10:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

अपने पीछे छोड़ गईं भरा-पूरा परिवार

रेणु गुप्ता अपने पीछे एक भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनके परिवार में पति डॉ. अजय गुप्ता के अलावा दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। मिली जानकारी के अनुसार, उनके एक बेटे और बेटी का विवाह हो चुका है, जबकि उनके दूसरे बेटे डॉ. सारांश गुप्ता अभी अविवाहित हैं। पत्नी के अचानक चले जाने से विधायक डॉ. अजय गुप्ता और उनके बच्चों को गहरा सदमा लगा है।

शहर भर में गम का माहौल

रेणु गुप्ता के निधन की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग विधायक के घर पहुंचने लगे। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने इस दुखद घड़ी में डॉ. अजय गुप्ता के परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। शहर भर में शोक का माहौल है और लोग दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।