You are currently viewing जालंधर में ट्रेन मैनेजर के सिर पर डंडा मारने वाला स्टेशन सुपरिंटेंडेंट सस्पेंड, पेट्रोल रैक रवाना करने पर हुआ था विवाद

जालंधर में ट्रेन मैनेजर के सिर पर डंडा मारने वाला स्टेशन सुपरिंटेंडेंट सस्पेंड, पेट्रोल रैक रवाना करने पर हुआ था विवाद

जालंधर: लोहियां खास रेलवे स्टेशन पर पेट्रोल टैंक वैगन (BTPN) के रैक को आगे रवाना करने को लेकर उपजे विवाद में स्टेशन सुपरिंटेंडेंट द्वारा ट्रेन मैनेजर (गार्ड) के सिर पर डंडा मारने के गंभीर मामले में रेलवे प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना की गंभीरता और कर्मचारियों के कड़े आक्रोश को देखते हुए उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने स्टेशन सुपरिंटेंडेंट यशवंत सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही रेलवे ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष पड़ताल के लिए दो वरिष्ठ अधिकारियों की उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित कर दी है।

वॉकी-टॉकी पर नहीं मिला जवाब, केबिन में पहुंचते ही भड़क गए सुपरिंटेंडेंट
यह सनसनीखेज मामला वीरवार सुबह करीब 11 बजे का है, जब फिरोजपुर मंडल से जम्मू की ओर जा रहा पेट्रोल वैगन का विशेष रैक लोहियां खास रेलवे स्टेशन पर रुका हुआ था। ट्रेन को आगे रवाना करने या लूप लाइन में रोके रखने के संबंध में कंट्रोल रूम से कोई स्पष्ट निर्देश नहीं मिल रहा था। ट्रेन मैनेजर रवि कुमार और लोको पायलट ज्ञान प्रकाश ने वॉकी-टॉकी के जरिए स्टेशन सुपरिंटेंडेंट यशवंत सिंह से आधिकारिक संदेश मांगा, लेकिन केबिन से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद एक प्वाइंट्समैन के जरिए संदेश मिला कि पहले किसी अन्य गाड़ी को निकाला जाएगा।

स्थिति की आधिकारिक पुष्टि के लिए ट्रेन मैनेजर रवि कुमार स्वयं स्टेशन सुपरिंटेंडेंट के केबिन में पहुंचे। उन्होंने केवल इतना पूछा कि यदि रैक को रोकना है तो उसका मेमो या आधिकारिक सूचना दर्ज करा दी जाए। इस सामान्य सवाल पर स्टेशन सुपरिंटेंडेंट यशवंत सिंह अपना आपा खो बैठे और उन्होंने गुस्से में आकर पास पड़ा डंडा सीधे ट्रेन मैनेजर के सिर पर दे मारा।

हमले का वीडियो वायरल, दिनभर स्टेशन पर ही खड़ा रहा पेट्रोल का रैक
अचानक हुए इस हमले से ट्रेन मैनेजर का मोबाइल फोन जमीन पर गिरकर टूट गया और स्टेशन परिसर में भारी अफरा-तफरी मच गई। इस विवाद का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए। इस हंगामे और जांच के चलते जम्मू जाने वाला संवेदनशील बीटीपीएन रैक पूरा दिन लोहियां खास स्टेशन पर ही खड़ा रहा, जिससे रेल यातायात संचालन भी प्रभावित हुआ।

गार्ड यूनियन के विरोध के बाद एक्शन, मंडल मुख्यालय में दोनों तलब
घटना के बाद ऑल इंडिया ट्रेन गार्ड काउंसिल और ऑल इंडिया गार्ड यूनियन ने कड़ा विरोध जताते हुए दोषी अधिकारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। मामले की सूचना फिरोजपुर मंडल के डिवीजनल ऑपरेशनल मैनेजर (DOM) गुरशरण पाठक तक पहुंची, जिसके बाद रेलवे प्रशासन ने स्टेशन सुपरिंटेंडेंट को निलंबित करने का आदेश जारी किया।

प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के लिए सीनियर डीओएम हरमीत सिंह और ट्रैफिक इंस्पेक्टर (TI) नितिन बबूटा की दो सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया है। जांच कमेटी ने दोनों कर्मचारियों को फिरोजपुर मंडल मुख्यालय में तलब कर उनके विस्तृत बयान दर्ज किए हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि कमेटी की अंतिम रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Station Superintendent suspended for hitting train manager on the head with a stick in Jalandhar