You are currently viewing पढ़ें वो 5 संभावित कारण जिसके चलते नवजोत सिंह सिद्धू ने छोड़ा पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष का पद

पढ़ें वो 5 संभावित कारण जिसके चलते नवजोत सिंह सिद्धू ने छोड़ा पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष का पद

नई दिल्ली: नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने पद से मंगलवार को इस्तीफा दे दिया जिससे हर कोई हैरान है। उधर कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस हाईकमान को नसीहत दी है कि सिद्धू का इस्तीफा स्वीकार किया जाए और पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष सुनील जाखड़ को बनाया जाए।

बता दें, सिद्धू इस पद पर पांच हफ्ते से भी कम समय के लिए रहे। अब सिद्धू ने अपने पद से इस्तीफा क्यों दिया? इसे लेकर अलग-अलग क्यास लगाए जा रहे है। हम आपको वो 5 संभावित कारण बता रहे हैं जिसकी वजह से सिद्धू ने अपने पद से इस्तीफा दिया-

1. सिद्धू खुद भी एक जाट सिख हैं। ऐसा माना जाता है कि सुखजिंदर सिंह रंधावा को आगे बढ़ाए जाने के बाद सिद्धू को खतरा नजर आने लगा था। दरअसल उनका निशाना 2022 विधानसभा चुनाव पर था जिसमें वो खुद को मुख्यमंत्री पद के दावेदार के तौर पर देख रहे थे। लेकिन रंधावा को सिद्धू अपनी महत्वकांक्षाओं के आगे रोड़ा मानते हैं।

2. कांग्रेस नेतृत्व ने पंजाब के पहले दलित मुख्यमंत्री के तौर पर सिद्धू की पसंद चरणजीत सिंह चन्नी का समर्थन किया। लेकिन सुखजिंदर सिंह रंधावा को डिप्टी सीएम बनाने से सिद्धू नाराज बताए जाते हैं।

3. रविवार को जब पंजाब में नए कैबिनेट में 15 मंत्रियों को शामिल किया गया था। तब उस वक्त भी सिद्धू नाराज नजर आए थे। कैबिनेट के नामों पर राहुल गांधी ने खुद मुहर लगाई थी। इस कैबिनेट में सिद्धू के करीबियों कुलजीत सिंह नागरा और सुरजीत सिंह धीमान को जगह नहीं दी गई थी।

4. कपूरथला के चर्चित चीनी कारोबारी राणा गुरजीत सिंह की कैबिनेट में वापसी भी सिद्धू की नाराजगी से जोड़ कर देखी जा रही है। घोटाले का आरोप लगने के बाद राणा गुरजीत सिंह ने 4 साल पहले अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली सरकार में अपने मंत्रालय से इस्तीफा दिया था। सिद्धू राणा की वापसी का विरोध कर रहे थे। लेकिन शीर्ष नेतृत्व ने सिद्धू के विरोध को नजरअंदाज कर दिया।

5. यह भी कहा जा रहा है कि चरणजीत सिंह चन्नी को मंत्री पद बांटने में दी गई ज्यादा ताकत दिये जाने से भी सिद्धू नाराज चल रहे हैं। चन्नी ने शक्तिशाली गृह मंत्रालय रंधावा को दिया है।