चंडीगढ़: पंजाब के सरकारी कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित महंगाई भत्ते (DA) के बकाये को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में शुक्रवार को अहम सुनवाई हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब के मुख्य सचिव केएपी सिन्हा व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश हुए। सुनवाई के दौरान पंजाब सरकार के वरिष्ठ वकील विकास सिंह ने मुख्य सचिव की तरफ से पीठ के समक्ष बिना शर्त माफी की पेशकश की।
वरिष्ठ वकील ने पेश की बिना शर्त माफी
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता विकास सिंह ने अदालत का रुख भांपते हुए मुख्य सचिव की ओर से बिना शर्त माफी मांगी। उन्होंने भरोसा दिलाने की कोशिश की कि सरकार अदालत के निर्देशों का सम्मान करती है। हालांकि, लंबे समय से कर्मचारियों के वित्तीय हक को लटकाए रखने और अदालती आदेशों के पालन में देरी को लेकर पीठ का रुख काफी गंभीर नजर आया।
रोस्टर बेंच करेगी आपराधिक अवमानना की सुनवाई, सोमवार को नजरें
माफी मांगे जाने के बावजूद अदालत ने इस मामले को तुरंत बंद करने से मना कर दिया। हाईकोर्ट ने दो टूक स्पष्ट किया कि मुख्य सचिव के खिलाफ बनती आपराधिक अवमानना की कार्यवाही की सुनवाई तय न्यायिक रोस्टर के अनुसार संबंधित पीठ ही करेगी। इसके साथ ही अदालत ने इस संवेदनशील मामले की अगली सुनवाई सोमवार तक के लिए तय कर दी है, जिससे सरकार की मुश्किलें अभी कम होती नहीं दिख रही हैं।


Punjab Government faces major embarrassment in High Court over DA arrears; Chief Secretary tenders unconditional apology




