जालंधर: मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता दलजीत दोसांझ के पैतृक गांव दोसांझ कलां (जालंधर) में देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब गायक के घर के बिल्कुल नजदीक एक दीवार पर खालिस्तान समर्थक और अन्य विवादित नारे लिखे पाए गए। इन नारों में दलजीत दोसांझ के दिल्ली और चंडीगढ़ में प्रस्तावित आगामी म्यूजिक कंसर्ट्स (दिल-लुमिनाटी टूर) का विरोध करने और 1 नवंबर को ‘सिख नरसंहार दिवस’ के रूप में मनाने की अपील भी लिखी गई थी। मामले की जानकारी मिलते ही गोराया पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत नारों पर सफेद पेंट करवाकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी।
रात 1:30 बजे स्प्रे पेंट से लिखे नारे, टोकने पर गाड़ी में भागे आरोपी
घटना की जानकारी सबसे पहले गांव के ही निवासी और पेशे से ड्राइवर मुख्तियार को लगी। मुख्तियार के अनुसार, देर रात करीब 1:30 बजे उन्हें अपने घर के बाहर से अचानक स्प्रे पेंट की तेज गंध आई। जब उन्हें कुछ गड़बड़ लगी और वे बाहर देखने निकले, तो उन्होंने देखा कि करीब 4 अज्ञात लोग दीवार पर स्प्रे से कुछ लिख रहे थे। मुख्तियार ने जब उनका कड़ा विरोध किया और ललकारा, तो सभी चारों आरोपी तुरंत एक गाड़ी में सवार होकर मौके से फरार हो गए।
दलजीत के घर के धोखे में पड़ोसी की दीवार पर लिखे नारे
मुख्तियार ने दावा किया कि दलजीत दोसांझ का पैतृक घर उनके मकान से महज कुछ ही दूरी पर स्थित है। ऐसा प्रतीत होता है कि रात के अंधेरे में आरोपियों ने मुख्तियार के घर को ही दलजीत दोसांझ का घर समझ लिया और उसी की दीवार पर विवादित नारे और संदेश स्प्रे पेंट से लिख दिए। सुबह होते ही इन विवादित नारों का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल होने लगा, जिससे इलाके में तनाव और चर्चा का माहौल बन गया।
पुलिस ने दीवार पर फिराया सफेद रंग, CCTV खंगालने में जुटी टीम
सूचना मिलते ही गोराया थाने से सहायक उप-निरीक्षक (ASI) हरभजन सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने किसी भी तरह की अशांति और अफवाहों को रोकने के लिए सबसे पहले दीवार पर लिखे आपत्तिजनक नारों पर सफेद पेंट कराकर उन्हें पूरी तरह से मिटा दिया।
एएसआई हरभजन सिंह ने बताया कि पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है। इलाके में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों और उनकी गाड़ी की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Pro-Khalistan slogans painted on a wall in Diljit Dosanjh’s ancestral village; protest against the ‘Dil-Luminati’ tour




