
जालंधर: जालंधर के आदमपुर कस्बे में देर रात उस समय दहशत का माहौल पैदा हो गया, जब बाइक पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक घर पर पेट्रोल बम फेंक दिया। यह पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। गनीमत रही कि इस हमले में किसी को कोई चोट नहीं आई, लेकिन घर को काफी नुकसान पहुंचा है।
यह घटना आदमपुर के गांधी नगर मोहल्ले में रविवार देर रात करीब 12 बजे की है। घर के मालिक हंसराज की पत्नी परमिंदर कौर ने बताया कि वह अपने छोटे बेटे सुमित कुमार के साथ घर पर थीं, जबकि उनके अन्य बच्चे विदेश में रहते हैं। उन्होंने बताया कि जब सुबह परिवार के लोग जागे तो उन्होंने घर के मुख्य गेट पर जलने के निशान देखे और अंदर कांच के टुकड़े बिखरे हुए पाए, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मामले की सूचना मिलते ही थाना आदमपुर की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उसमें सारी घटना साफ नजर आ गई। फुटेज में दिख रहा है कि बाइक पर सवार होकर तीन युवक आए और उन्होंने पेट्रोल से भरी बोतलें घर पर फेंकी और मौके से फरार हो गए।
थाना आदमपुर के एसएचओ हरदेव प्रीत सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा, “मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” इस घटना के बाद से इलाके के लोगों में डर का माहौल है।
View this post on Instagram

Petrol bomb attack on house in Jalandhar








