चंडीगढ़: सिटी ब्यूटीफुल कहे जाने वाले चंडीगढ़ में सरेआम गुंडागर्दी का एक ऐसा खौफनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे शहर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मौली जागरा के विकास नगर इलाके में एक सैलून संचालक पर 10 से 15 हथियारबंद बदमाशों ने अचानक तलवारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी खेल में युवक के दोनों हाथ बुरी तरह कट गए हैं और इलाके में दहशत का माहौल है।
दुकान में घुसकर तलवारों से किया खौफनाक वार
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, घायल युवक की पहचान मोहम्मद गुफरान के रूप में हुई है, जो विकास नगर में ही अपना सैलून चलाता है। गुरुवार की शाम जब वह अपने काम में व्यस्त था, तभी 10 से 15 की संख्या में आए बेखौफ बदमाशों ने अचानक उस पर धावा बोल दिया। इन हमलावरों के हाथों में नंगी तलवारें और तेजधार हथियार थे। बदमाशों ने बिना कुछ सोचे-समझे गुफरान के दोनों हाथों पर लगातार कई वार किए, जिससे उसकी दोनों हथेलियां बुरी तरह कट गईं और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। चीख-पुकार सुनकर जमा हुए स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उसे उठाकर सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
दिवाली 2025 में भी हुआ था हमला, पुलिस सोती रही!
इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हमले के पीछे पुलिस की एक बेहद गंभीर और शर्मनाक लापरवाही भी सामने आ रही है। घायल गुफरान के परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह गुफरान पर कोई पहला हमला नहीं है। पिछले साल 2025 में दिवाली के मौके पर भी इन्हीं बेखौफ गुंडों ने उस पर जानलेवा हमला किया था। परिजनों का कहना है कि उस वक्त पुलिस से बकायदा शिकायत की गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई सख्त कार्रवाई नहीं की। इसी ढिलाई का नतीजा है कि आज इन बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो गए कि उन्होंने सरेआम तलवारें निकाल लीं और पुलिस का कोई खौफ नहीं रहा।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, लोगों में आक्रोश
इस खूनी वारदात की सूचना मिलते ही मौली जागरा थाना पुलिस के हाथ-पांव फूल गए और टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। वहीं, इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में पुलिस और प्रशासन के खिलाफ भयंकर गुस्सा उबल रहा है। लोगों का साफ कहना है कि मौली जागरा इलाके में पुलिस की पेट्रोलिंग न के बराबर होती है, जिसकी वजह से असामाजिक तत्व बेखौफ होकर गुंडागर्दी कर रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से तुरंत इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमित गश्त बढ़ाने की कड़ी मांग की है।

In a horrific incident in Chandigarh, 15 miscreants attacked a salon owner with swords




