You are currently viewing चंडीगढ़ में गन पॉइंट पर कार लूटकर भागे बदमाशों का पलवल में पुलिस से एनकाउंटर, 2 को लगी गोली; 4 आरोपी गिरफ्तार

चंडीगढ़ में गन पॉइंट पर कार लूटकर भागे बदमाशों का पलवल में पुलिस से एनकाउंटर, 2 को लगी गोली; 4 आरोपी गिरफ्तार

चंडीगढ़: चंडीगढ़ के सेक्टर-46 में पुलिस बीट बॉक्स के ठीक सामने दुकानदार से गन प्वाइंट पर कार लूटने वाले गिरोह का हरियाणा के पलवल में पुलिस के साथ आमना-सामना हो गया। छपरौला के जंगलों में क्राइम ब्रांच पलवल और बदमाशों के बीच हुई सीधी मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग से दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो अन्य साथियों को भी मौके पर ही धर दबोचा गया। पकड़े गए चारों आरोपी पंजाब के बरवाला क्षेत्र से ताल्लुक रखते हैं और वारदात को अंजाम देने के बाद हरियाणा के रास्ते भागने की फिराक में थे।

KMP एक्सप्रेसवे पर पीछा, जंगलों में पुलिस पार्टी पर झोंका फायर
पलवल पुलिस को कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि केएमपी एक्सप्रेसवे पर एक संदिग्ध स्विफ्ट कार घूम रही है। कार सवार बदमाश केएमपी से उतरकर नेशनल हाईवे-19 पर मथुरा से दिल्ली की ओर बढ़ रहे थे। क्राइम ब्रांच की टीम ने तुरंत गाड़ी की घेराबंदी शुरू कर दी। खुद को पुलिस से घिरता देख आरोपियों ने गाड़ी गदपुरी थाना क्षेत्र के पृथला गांव के पास छपरौला के जंगलों की ओर मोड़ दी। घने जंगलों में गाड़ी छोड़कर छिपे बदमाशों ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी की, जिसमें दो बदमाशों के पैरों में गोलियां लगीं और वे वहीं गिर पड़े।

पटियाला के रहने वाले हैं आरोपी, पहले से दर्ज हैं कई संगीन मुकदमे
पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए बदमाशों की पहचान पटियाला के बरवाला क्षेत्र स्थित हाथी नगला निवासी लकी और मूल रूप से नेपाल के नौरंगढ़ निवासी रोशन आचार्य के रूप में हुई है, जो वर्तमान में बरवाला में ही रह रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों के खिलाफ पंजाब के विभिन्न थानों में एनडीपीएस (NDPS) और जानलेवा हमले व मारपीट के करीब छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। मौके से पकड़े गए अन्य दो साथियों की पहचान बरवाला निवासी सन्नी और खुशप्रीत के रूप में हुई है। घायल आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच उपचार के लिए सिविल अस्पताल पलवल में भर्ती कराया गया है।

सेक्टर-46 में बीट बॉक्स के सामने गन प्वाइंट पर छीनी थी गाड़ी
यह पूरी सनसनीखेज वारदात वीरवार रात करीब सवा 11 बजे चंडीगढ़ के सेक्टर-46 में घटी थी। बुड़ैल निवासी दुकानदार मोहन अपनी दुकान के बाहर स्विफ्ट डिजायर कार में सामान रख रहे थे। इसी दौरान दो हथियारबंद युवकों ने पिस्टल तानकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी और कार लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद आरोपियों ने लूटी गई कार को जीरकपुर में छोड़ दिया था, जिसे पुलिस ने शुक्रवार देर रात बरामद किया था।

वारदात के समय पुलिस बीट बॉक्स पर ताला लटका होने और किसी भी सुरक्षाकर्मी के मौजूद न होने के कारण चंडीगढ़ पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हुए थे। सेक्टर-34 थाना पुलिस की जांच और पलवल क्राइम ब्रांच की इस संयुक्त कार्रवाई के बाद अब इस अंतरराज्यीय गिरोह की पूरी कुंडली खंगाली जा रही है।

Miscreants who fled after carjacking at gunpoint in Chandigarh engaged in a police encounter in Palwal