You are currently viewing पंजाब में लोहड़ी की खुशियां मातम में बदलीं, धूनी की चिंगारी से घर में लगी भीषण आग; बुजुर्ग पिता और दिव्यांग बेटी की जलकर मौत

पंजाब में लोहड़ी की खुशियां मातम में बदलीं, धूनी की चिंगारी से घर में लगी भीषण आग; बुजुर्ग पिता और दिव्यांग बेटी की जलकर मौत

अमृतसर: अमृतसर में लोहड़ी का त्योहार एक परिवार के लिए काल बन गया। यहां मना सिंह चौक के पास स्थित गली चूड़ सिंह में लोहड़ी की धूनी से निकली एक चिंगारी के कारण मकान में भीषण आग लग गई। देर रात करीब एक बजे हुए इस दिल दहला देने वाले हादसे में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग पिता और उनकी 40 वर्षीय दिव्यांग बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। आग इतनी भयावह थी कि घर का सामान जलकर खाक हो गया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

कपड़ों के ढेर पर गिरी चिंगारी, सेकेंडों में भड़की आग

जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार रात को धूमधाम से लोहड़ी मनाने के बाद घर के अंदर सोने चला गया था। इसी दौरान बाहर जल रही लोहड़ी की धूनी से एक चिंगारी उड़कर घर के अंदर रखे कपड़ों और अन्य ज्वलनशील सामग्री (रुमाला साहिब का कपड़ा) पर जा गिरी। घर में काफी मात्रा में कपड़ा होने के कारण आग ने महज कुछ ही सेकेंडों में विकराल रूप धारण कर लिया। उस वक्त घर में कुल पांच लोग मौजूद थे। आग की लपटें और धुआं देखकर परिवार के कुछ सदस्य जान बचाने के लिए छत की तरफ भागे और मदद के लिए चिल्लाने लगे।

बेबसी: आग में घिरे पिता-बेटी बाहर नहीं निकल सके

पड़ोसियों ने चीख-पुकार सुनकर तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि, घर के मुखिया 70 वर्षीय बुजुर्ग और उनकी 40 वर्षीय दिव्यांग बेटी आग की लपटों में बुरी तरह घिर गए। शारीरिक रूप से अक्षम होने और आग की तीव्रता अधिक होने के कारण वे समय रहते बाहर नहीं भाग सके, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

तंग गलियों ने बढ़ाई मुश्किलें, 100 मीटर दूर खड़ी करनी पड़ीं गाड़ियां

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 7 से 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। थाना बी-डिवीजन के एसएचओ बलविंदर सिंह ने बताया कि गली बेहद तंग होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर ही रोकना पड़ा। इसके बाद दमकलकर्मियों ने पाइपें जोड़कर बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया। मौके पर पहुंचे मेयर जतिंदर सिंह मोटी भाटिया ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि स्थानीय लोगों और प्रशासन ने अपनी जान जोखिम में डालकर तीन लोगों को बचा लिया, लेकिन दो मौतों से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।

Lohri celebrations in Punjab turned into tragedy as sparks from a bonfire caused a massive fire in a house