लुधियाना: लुधियाना की चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ ‘कमल कौर भाभी’ हत्याकांड में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। इस खौफनाक वारदात के मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से गिरफ्तार कर पंजाब वापस लाया गया है। बठिंडा पुलिस की एक विशेष टीम कड़ी सुरक्षा के बीच आरोपी को यूएई अथॉरिटीज की कस्टडी से लेकर भारत पहुंच चुकी है और अब उससे आगे की पूछताछ की जाएगी।
वीजा विवाद में फंसा और पुलिस के हत्थे चढ़ा कातिल
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों को इसी साल जनवरी में शारजाह पुलिस ने हिरासत में लिया था। उसे वीजा से जुड़े एक मामले में पूछताछ के लिए रोका गया था, जिसके बाद उसकी असली पहचान और जुर्म उजागर हुआ। कानूनी प्रक्रिया और कागजी कार्यवाही के चलते उसे भारत डिपोर्ट करने में कुछ समय जरूर लगा, लेकिन अब वह आखिरकार पंजाब पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है।
अस्पताल की पार्किंग में सड़ी-गली हालत में मिली थी लाश
आपको बता दें कि यह दिल दहला देने वाली वारदात पिछले साल जून 2025 में अंजाम दी गई थी। कमल कौर भाभी की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी और उनकी लाश बठिंडा के आदेश अस्पताल की पार्किंग में लावारिस खड़ी एक ईऑन कार से बरामद हुई थी। कई दिनों तक कार में बंद रहने के कारण जब लाश से तेज बदबू आने लगी, तब जाकर इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ था। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इस हत्याकांड के पीछे की असली वजह और साजिश के कई गहरे राज बेनकाब होने की उम्मीद है।

Killer of Famous Influencer Kamal Kaur Bhabhi Arrested; Main Accused Brought to Punjab








