You are currently viewing जालंधर पुलिस का बड़ा एक्शन: हाईवे पर मजदूरों को लूटने वाला 6 सदस्यीय गिरोह काबू, नशीली गोलियां और घातक हथियार बरामद

जालंधर पुलिस का बड़ा एक्शन: हाईवे पर मजदूरों को लूटने वाला 6 सदस्यीय गिरोह काबू, नशीली गोलियां और घातक हथियार बरामद

जालंधर: एसएसपी जालंधर देहात हरविंदर सिंह विर्क के दिशा-निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए फिल्लौर पुलिस ने मुख्य मार्गों पर राहगीरों और मजदूरों से लूटपाट करने वाले एक गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के पास से घातक हथियार, नशीली गोलियां और लूटे गए मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।

यह कार्रवाई एसपी सरबजीत राय और डीएसपी फिल्लौर सरवन सिंह बल के नेतृत्व में एसएचओ फिल्लौर भूषण कुमार और एसआई गोविंदर सिंह की टीम ने की। डीएसपी फिल्लौर सरवन सिंह बल ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक गिरोह हाईवे पर लूटपाट की वारदातों को अंजाम दे रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रणजीत कुमार (निवासी फिल्लौर), कुलवीर कुमार (निवासी रायपुर अराईयां), संदीप कुमार उर्फ बाबू (निवासी फिल्लौर), हरजीत सिंह उर्फ सोनू (निवासी गांव दारापुर), मनदीप सिंह उर्फ मनी (निवासी रामगढ़) और हरजीत सिंह उर्फ जीती (निवासी गांव माओ साहिब) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 किरपान, 1 दातर, 1 लोहे का खंडा, 6 मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और 288 नशीली गोलियां बरामद की हैं। डीएसपी ने बताया कि यह गिरोह लुधियाना, गोराया और राहों रोड पर सक्रिय था। गिरोह के सदस्य सुबह-शाम अंधेरे का फायदा उठाकर राहगीरों और खासकर मजदूरों को अपने घातक हथियारों से डरा-धमका कर और मारपीट कर लूट लेते थे।

फिल्लौर थाने में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। नशीली गोलियां बरामद होने के कारण केस में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22-61-85 भी जोड़ी गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को रिमांड पर लेकर और पूछताछ की जाएगी ताकि लूट की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सके।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jaspreet Singh (@akstudyvisa1)

Jalandhar Police’s big action