जालंधर: कमिश्नर सतिंदर सिंह की अगुवाई में जालंधर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा आम जनता के साथ चलाए जा रहे संवाद और तालमेल अभियानों का बड़ा असर देखने को मिला है। शुक्रवार को आयोजित संपर्क बैठक में स्थानीय नागरिकों ने सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब पीने की गंभीर समस्या उठाई थी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल एक्शन मोड में आते हुए जोन-2 के तहत ताबड़तोड़ छापेमारी की। पुलिस की इस विशेष मुहिम के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले 8 से 10 व्यक्तियों को मौके से ही राउंड अप किया गया।
शाम ढलते ही महिलाओं का निकलना हो गया था मुश्किल
बैठक के दौरान स्थानीय निवासियों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष अपना दर्द बयां किया था। लोगों का कहना था कि शाम होते ही कई प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और गलियों में लोग खुलेआम गाड़ियों और सड़कों पर शराब पीने बैठ जाते हैं। इसके चलते वहां से गुजरने वाली महिलाओं और मासूम बच्चों को असहजता और भय का सामना करना पड़ता है और उनका घरों से बाहर निकलना तक दूभर हो गया था। कमिश्नर ने नागरिकों की इस शिकायत को बेहद संजीदगी से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तुरंत ग्राउंड पर उतरने के निर्देश दिए।
रेहड़ियों पर डिस्पोजल गिलास देकर पिलाई जा रही थी शराब, विक्रेताओं पर भी शिकंजा
पुलिस टीमों ने कार्रवाई के दौरान पाया कि कई खान-पान की रेहड़ियों और अवैध ठिकानों पर शराब पीने वालों को खुलेआम डिस्पोजल गिलास और चखना मुहैया कराया जा रहा था। इस तरह की अवैध सुविधा देकर सार्वजनिक स्थानों पर माहौल बिगाड़ने वाले रेहड़ी संचालकों और ढाबा-ठेका प्रबंधकों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त कानूनी रुख अपनाया है। नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले ऐसे सभी विक्रेताओं को कड़ी चेतावनी देते हुए उनके खिलाफ नियम सम्मत कार्रवाई अमल में लाई गई है।
शहर में हुड़दंग बर्दाश्त नहीं, तुरंत पुलिस को दें सूचना: ADCP-2 माधवी शर्मा
कार्रवाई की विस्तृत जानकारी देते हुए एडीसीपी-2 (ADCP-2) माधवी शर्मा ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक शांति भंग करने और असामाजिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य शहर की सड़कों को महिलाओं और आम नागरिकों के लिए पूरी तरह सुरक्षित और भयमुक्त बनाना है।
अधिकारी ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी इलाके में खुलेआम शराब पीने, नशा बेचने या हुड़दंगबाजी जैसी कोई गैरकानूनी गतिविधि नजर आती है, तो बिना किसी झिझक के तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या संबंधित थाना प्रभारी को सूचित करें। जानकारी देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ बिना किसी रियायत के तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


Jalandhar police crack down on those openly drinking alcohol after women complained; 10 people




