You are currently viewing जालंधर में नगर निगम का अवैध निर्माणों पर शिकंजा, 5 दुकानें सील, कई जगह काम रुका; इन्हें भी नोटिस जारी

जालंधर में नगर निगम का अवैध निर्माणों पर शिकंजा, 5 दुकानें सील, कई जगह काम रुका; इन्हें भी नोटिस जारी

जालंधर: जालंधर नगर निगम के बिल्डिंग विभाग ने शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। बीते दिन, निगम की एक टीम ने सहायक टाउन प्लानर (एटीपी) सुखदेव वशिष्ठ के नेतृत्व में पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में छापेमारी की और कई अवैध निर्माणों पर सख्त कदम उठाए।

टीम ने घास मंडी श्मशानघाट के पास बनी 5 अवैध दुकानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। दशमेश नगर में 5 अवैध दुकानों के निर्माण पर नोटिस जारी किए गए। इसी तरह, काला संघिया रोड पर स्थित स्मार्ट एन्क्लेव में भी एक अवैध निर्माणकर्ता को नोटिस थमाया गया।

काला संघिया रोड पर चोपड़ा कॉलोनी में एक डीलर द्वारा बनाए जा रहे दो मंजिला 3 रिहायशी यूनिटों का निर्माण कार्य रुकवाकर नोटिस जारी किया गया।
इसी रोड पर राम शरणम आश्रम के पास, दो डीलरों द्वारा निर्मित और निर्माणाधीन 4 अवैध दुकानों को नोटिस दिए गए। एक निर्माणाधीन दुकान का काम रुकवाकर सामान जब्त किया गया और नोटिस जारी हुआ।

काला संघिया रोड पर ही कलेर इलेक्ट्रॉनिक्स के सामने स्वीकृत नक्शे से हटकर हो रहे निर्माण का काम रुकवाकर नोटिस दिया गया। घई नगर में माता चिंतपूर्णी मंदिर के सामने चल रहे अवैध निर्माण कार्य को भी रोका गया। काला संघिया रोड पर ही 3 अन्य अवैध रिहायशी यूनिटों और एक गोदाम के निर्माण पर भी नोटिस जारी किए गए।

नगर निगम द्वारा लगातार की जा रही इस सख्ती और ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध रूप से निर्माण कार्य करने वाले लोगों और डीलरों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शहर में किसी भी तरह के अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Jalandhar Municipal Corporation cracks down on illegal constructions