You are currently viewing हैवानियत: फॉर्म हाउस के बाद होटल में गैंगरेप, फिर चलती कार से पीड़िता को फेंककर फरार

हैवानियत: फॉर्म हाउस के बाद होटल में गैंगरेप, फिर चलती कार से पीड़िता को फेंककर फरार

आगरा: आगरा में ब्लॉक प्रमुख सहित तीन लोगों पर एक युवती के साथ गैंगरेप का आरोप लगा है। पुलिस ने इस मामले में ब्लॉक प्रमुख को गिरफ्तार भी कर लिया है। थाना ताजगंज इलाके में यह जघन्य वारदात हुई है। युवती आगरा से बाहरी जिले की रहने वाली है। उसका आरोप है कि दो महीने पहले ब्लॉक प्रमुख लाल सिंह का मिस किया कॉल आया था। फिर फोन पर ही उससे दोस्ती हुई। उसने नौकरी दिलाने का वादा कर आगरा बुलाया। यहां आने पर नौकरी का झांसा देकर ब्लॉक प्रमुख लाल सिंह अपने फॉर्म हाउस पर ले गया। वहां पर ब्लॉक प्रमुख लाल सिंह के दो साथी और थे। इनलोगों ने गैंगरेप कर उसका वीडियो भी बना लिया।

युवती का कहना है कि गैंगरेप की शिकायत की बात कहने पर तीनों आरोपियों ने धमकाया। लिहाजा वह अपने घर लौट गई। युवती का आरोप है कि ब्लॉक प्रमुख लाल सिंह ने फिर से कॉल कर उस पर आगरा आने का दबाव बनाने लगा। युवती ने जब मना किया तो वीडियो वायरल करने की धमकी दी। धमकी के बाद युवती आगरा आ गई। यहां एक होटल में उसके साथ फिर से रेप किया गया। आगरा के एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत मिलते ही 3 लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ और मुख्य आरोपी लाल सिंह को गिरफ्तार भी कर लिया।

युवती ने आरोप लगाया कि रविवार को डरा धमकाकर उसे एक बार फिर आगरा बुला लिया गया। शाम को उसे एक कार से ताजगंज क्षेत्र के होटल अमर यात्री निवास में ले जाकर लाल सिंह और जितेंद्र ने दुष्कर्म किया। उसके विरोध करने पर पिटाई की। वीडियो वायरल करने की धमकी दी। कई बड़े लोगों के नाम लेकर डराया। लाल रंग की कार से आरोपी होटल से बाहर ले गए। फतेहाबाद मार्ग पर विशाल मेगा मार्ट के पास चलती कार से धक्का देकर भाग गए। इससे वह घायल भी हो गई। तब उसने पुलिस को सूचना दी।

Gang rape in hotel after farm house, then absconding after throwing victim from moving car