चंडीगढ़: पंजाब सरकार राज्य के सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को हाईटेक और आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए 6 अप्रैल को पीआरटीसी (PRTC) के बेड़े में 100 नई बसें शामिल होने जा रही हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। राज्य के वित्त और परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि इस बड़ी पहल का मुख्य उद्देश्य केवल कनेक्टिविटी को बेहतर करना ही नहीं है, बल्कि यात्रियों के सफर को आरामदायक और सुरक्षित बनाना भी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
करोड़ों के निवेश से बेड़े में शामिल होंगी लग्जरी बसें
परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने इस प्रोजेक्ट की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब सरकार कुल 100 मिडी और 309 साधारण बसों के लिए लगभग 125 करोड़ रुपये का भारी-भरकम निवेश कर रही है। इसके साथ ही किलोमीटर स्कीम के तहत 254 अतिरिक्त साधारण बसें भी राज्य की सड़कों पर दौड़ती नजर आएंगी। इस नई खेप के आने के बाद पनबस के बेड़े में अब कुल 606 बसें शामिल हो जाएंगी। इनमें से 387 नई बसें सीधे तौर पर बेड़े का हिस्सा बनेंगी। यात्रियों को गर्मी से राहत और लग्जरी सफर का अनुभव देने के लिए इसी योजना के तहत 19 वोल्वो बसें, 100 एचवीएसी (HVAC) एसी बसें और 100 साधारण बसें भी शामिल की जा रही हैं।
मेट्रो की कमी दूर करेगा मजबूत रूट प्लान
पंजाब सरकार का पूरा फोकस शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में परिवहन व्यवस्था को मजबूत और सुगम बनाने पर है। राज्य के प्रमुख शहरों और राजधानी चंडीगढ़ में अभी तक मेट्रो रेल का विस्तार नहीं हो पाया है, जिसके चलते आम जनता की बस नेटवर्क पर निर्भरता बहुत अधिक है। लोगों की इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए सरकार ने रूट सिस्टम से जुड़े पुराने विवादों को सुलझाकर एक नया रूट प्लान तैयार किया है। इससे अब यात्रियों को बिना किसी परेशानी के बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन सेवाएं मिल सकेंगी और राज्य के दूर-दराज के इलाके भी मुख्य शहरों से आसानी से जुड़ जाएंगे।

Great news for Punjab travelers, CM Mann to launch major initiative tomorrow; travel scenario will change








