You are currently viewing सिद्धू मूसेवाला फैंस के लिए खुशखबरी, मौत के बाद फिर स्टेज पर दिखेंगे सिंगर; शो की पहली झलक आई सामने

सिद्धू मूसेवाला फैंस के लिए खुशखबरी, मौत के बाद फिर स्टेज पर दिखेंगे सिंगर; शो की पहली झलक आई सामने

मानसा: दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के फैंस के लिए एक बड़ी और भावुक कर देने वाली खबर सामने आई है। मूसेवाला जल्द ही एक बार फिर स्टेज पर अपनी गायकी का जादू बिखेरते नजर आएंगे। उनके बहुप्रतीक्षित ‘होलोग्राम शो’ की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं और इसी साल (2026) उनके शो के शुरू होने की घोषणा कर दी गई है। सिद्धू के पिता बलकौर सिंह ने फैंस की उत्सुकता बढ़ाते हुए शो की तैयारियों और स्टेज की पहली तस्वीर साझा की है।

इटली के कलाकार तैयार कर रहे हैं शो

सिद्धू मूसेवाला के इस ड्रीम प्रोजेक्ट को हकीकत में बदलने का काम इटली के एक्सपर्ट आर्टिस्ट कर रहे हैं। पिता बलकौर सिंह ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्टेज की एक फोटो शेयर की है। इस तस्वीर में सिद्धू मूसेवाला अपने उसी पुराने ‘सिग्नेचर स्टाइल’ में खड़े नजर आ रहे हैं। तस्वीर में सिद्धू का बैक साइड लुक (पीछे से) दिखाया गया है। इस फोटो में बलकौर सिंह के साथ होलोग्राम शो को डिजाइन करने वाली टीम के सदस्य भी खड़े दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, फोटो शेयर करने के साथ अभी शो की फाइनल तारीख का ऐलान नहीं किया गया है।

‘साइन टू गॉड’ होगा वर्ल्ड टूर का नाम

बलकौर सिंह अपने बेटे के निधन के बाद भी उनका नाम और संगीत दुनिया भर में जिंदा रखने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। वे इससे पहले भी शो की तैयारियों का जायजा लेने के लिए खुद इटली गए थे। जानकारी के मुताबिक, सिद्धू के इस 2026 वर्ल्ड टूर का नाम ‘साइन टू गॉड’ (Sign to God) रखा गया है। गौरतलब है कि कुछ समय पहले ‘बरोटा’ सॉन्ग की रिलीज के दौरान ही इस होलोग्राम शो की चर्चा शुरू हुई थी।

3D तकनीक से होगा लाइव परफॉरमेंस का अहसास

29 मई 2022 को मानसा के गांव जवाहरके में सिद्धू मूसेवाला की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसकी जिम्मेदारी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने ली थी। मौत के बाद यह सिद्धू का पहला ऐसा शो होगा जहां तकनीक का सहारा लिया जाएगा। इस होलोग्राम शो में एडवांस थ्री-डी (3D) इमेज तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे दर्शकों को ऐसा महसूस होगा कि सिद्धू मूसेवाला खुद स्टेज पर मौजूद हैं और लाइव परफॉर्म कर रहे हैं।

good-news-for-sidhu-moosewala-fans-the-singer-will-appear-on-stage-again-after-his-death