जालंधर: जालंधर अंतर्गत आने वाले लोहियां खास रेलवे स्टेशन पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रेन के संचालन को लेकर उपजा सामान्य सा विवाद अचानक हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। स्टेशन परिसर में स्टेशन सुपरिंटेंडेंट यशवंत ने बीटीपीएन (पेट्रोल टैंक वैगन) के ट्रेन मैनेजर यानी गार्ड रवि के सिर पर बेरहमी से डंडा मार दिया। इस हमले के बाद स्टेशन पर जबरदस्त हंगामा खड़ा हो गया। डंडा लगते ही ट्रेन मैनेजर के हाथ से मोबाइल फोन छिटककर दूर जा गिरा और इस पूरी वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया। घटना की संवेदनशीलता को भांपते हुए फिरोजपुर मंडल के डिवीजनल ऑपरेशनल मैनेजर (डीओएम) गुरशरण पाठक ने दोनों रेल कर्मियों को तलब कर लिया है, वहीं जीआरपी ने भी मौके पर पहुंचकर बयान दर्ज किए और गहन जांच शुरू कर दी है।
वॉकी-टॉकी पर नहीं मिला जवाब तो पूछने पहुंचे थे गार्ड
यह पूरा सनसनीखेज मामला फिरोजपुर रेल मंडल से जम्मू की ओर रवाना हो रही बीटीपीएन ट्रेन से जुड़ा हुआ है। यह ट्रेन सुबह करीब 11 बजे लोहियां खास रेलवे स्टेशन पहुंची थी। ट्रेन को आगे रवाना करना है या वहीं लूप लाइन पर खड़ा रखना है, इसे लेकर न तो कंट्रोल रूम से कोई स्पष्ट आदेश आ रहा था और न ही स्टेशन मास्टर की तरफ से कोई सूचना मिल रही थी। ट्रेन मैनेजर रवि ने वॉकी-टॉकी पर लगातार स्टेशन सुपरिंटेंडेंट से संपर्क साधने की कोशिश की, मगर दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद लोको पायलट ज्ञान प्रकाश ने भी संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें भी कोई रिस्पांस नहीं दिया गया। आखिरकार प्वाइंट्समैन के जरिए स्टेशन सुपरिंटेंडेंट तक मैसेज पहुंचाया गया, जहां से केवल इतनी जानकारी मिली कि पहले किसी अन्य ट्रेन को पास कराया जाएगा।
सवाल पूछते ही आपा खो बैठे स्टेशन सुपरिंटेंडेंट, सिर पर जड़ दिया डंडा
स्थिति स्पष्ट न होने और लगातार असमंजस बना रहने के कारण ट्रेन मैनेजर रवि खुद स्टेशन सुपरिंटेंडेंट यशवंत के दफ्तर पहुंचे। उन्होंने बेहद विनम्रता के साथ पूछा कि यदि पेट्रोल टैंक वाली ट्रेन को दूसरी गाड़ी के लिए रोका जा रहा है, तो उन्हें इसकी आधिकारिक जानकारी दे दी जाए ताकि रिकॉर्ड दर्ज किया जा सके। इतना सवाल सुनते ही स्टेशन सुपरिंटेंडेंट यशवंत आगबबूला हो गए और उन्होंने अपना आपा खोते हुए पास पड़ा डंडा उठाकर सीधे ट्रेन मैनेजर के सिर पर दे मारा। अचानक हुए इस जानलेवा हमले से ट्रेन मैनेजर संभल नहीं पाए और उनका फोन हाथ से छूटकर नीचे गिर गया। इस खूनी भिड़ंत और ड्रामे के चलते करोड़ों रुपये के ईंधन से लदा बीटीपीएन रैक दिनभर लोहियां स्टेशन पर ही फंसा खड़ा रहा, जिससे रेलवे परिचालन पर भी असर पड़ा। फिलहाल फिरोजपुर रेल मंडल मुख्यालय में इस पूरे घटनाक्रम की उच्चस्तरीय विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।


Following a dispute over train operations in Jalandhar, a superintendent struck a guard on the head with a baton




