You are currently viewing इंसाफ के लिए 55 घंटे तक 200 फीट ऊंचे हाई-वोल्टेज टावर पर डटे रहे पिता-पुत्र, वजह जानकर कांप जाएगी रूह

इंसाफ के लिए 55 घंटे तक 200 फीट ऊंचे हाई-वोल्टेज टावर पर डटे रहे पिता-पुत्र, वजह जानकर कांप जाएगी रूह

गुरदासपुर: पंजाब के गुरदासपुर जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां इंसाफ की गुहार लगाते हुए एक पिता और उसका बेटा अपनी जान की परवाह किए बिना 200 फीट ऊंचे हाई-वोल्टेज टावर पर चढ़ गए। घुमान इलाके में लगातार 55 घंटे तक चले इस ड्रामे ने पुलिस और प्रशासन की सांसें अटका दीं। स्थानीय लोगों और पुलिस की कई कोशिशों के बावजूद ये दोनों अपनी मांग पूरी होने तक नीचे उतरने को तैयार नहीं थे। आखिरकार डीएसपी स्तर के अधिकारी द्वारा दिए गए ठोस आश्वासन के बाद बुधवार सुबह 9 बजे से शुरू हुआ यह हाई-वोल्टेज ड्रामा समाप्त हुआ और दोनों सुरक्षित नीचे उतर आए। टावर पर चढ़ने वाले इन लोगों की पहचान गांव सैरोवाल (शैलोवाल) निवासी हरदेव सिंह और उनके बेटे हरमन सिंह के रूप में हुई है।

हत्यारों से मिल रही धमकियों और झूठे केस ने किया मजबूर

पिता और पुत्र को इस खौफनाक कदम को उठाने के लिए क्यों मजबूर होना पड़ा, इसकी कहानी बेहद दर्दनाक है। टावर से नीचे उतरने के बाद पीड़ित पिता हरदेव सिंह ने अपना दर्द बयां किया। उन्होंने बताया कि साल 2021 में उनके एक बेटे की सीनियर सेकेंडरी स्कूल घुमान में परीक्षा देने के दौरान तेजधार हथियारों से निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड के आरोपी कुछ दिन पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आए हैं और अब खुलेआम परिवार को डरा-धमका रहे हैं। जुल्म की इंतेहा तो तब हो गई जब इन बेखौफ आरोपियों ने उल्टा पीड़ित परिवार के खिलाफ ही एक झूठा मामला दर्ज करवा दिया।

छोटे बेटे को पुलिस ने लिया हिरासत में तो टूट गया सब्र का बांध

हत्यारों द्वारा दर्ज करवाए गए इस झूठे केस के आधार पर पुलिस ने पीड़ित परिवार के घर पर ही रेड मार दी और उनके छोटे बेटे को हिरासत में ले लिया। पुलिस की इस कार्रवाई और आरोपियों की धक्केशाही से तंग आकर हरदेव सिंह और उनके बेटे हरमन सिंह का सब्र टूट गया। उनका कहना था कि प्रशासन उनकी कोई सुनवाई नहीं कर रहा था, इसलिए इंसाफ की खातिर और अपनी आवाज आला अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए उनका टावर पर चढ़ना कोई शौक नहीं बल्कि एक बहुत बड़ी मजबूरी बन गया था।

15 दिन में इंसाफ नहीं मिला तो 32 संगठन करेंगे बड़ा धरना-प्रदर्शन

टावर पर डटे पिता-पुत्र को मनाने के लिए डीएसपी टीपी सिंह को खुद मोर्चा संभालना पड़ा। उन्होंने परिवार को विश्वास दिलाया कि पुलिस इस पूरे मामले की 15 दिनों के भीतर निष्पक्ष जांच करेगी और उनकी समस्या का पक्का समाधान किया जाएगा। इस भरोसे के बाद ही दोनों पिता-पुत्र नीचे उतरने को राजी हुए। वहीं, पीड़ित परिवार के हक में उतरे कामरेड गुरमीत सिंह बखतपुरा और हरविंदर सिंह मल्ली ने प्रशासन को खुली चेतावनी दी है। उनका कहना है कि यदि 15 दिनों के अंदर पीड़ित परिवार पर दर्ज किया गया झूठा केस खारिज नहीं किया गया, तो वे 32 अलग-अलग संगठनों को साथ लेकर बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।

Father and Son Stood Firm on a 200-Foot-High High-Voltage Tower for 55 Hours in Pursuit