
जालंधर: कमिश्नरेट पुलिस की सुरक्षा में बड़ी सेंधमारी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जालंधर देहात के क्राइम थाने की हवालात में बंद एक नशा तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी ने बाथरूम जाने का बहाना बनाकर ड्यूटी पर तैनात सिपाही को धक्का दिया और मौके से भाग निकला। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस ने अपने ही सिपाही के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने करतारपुर निवासी सुखराज सिंह उर्फ सुक्खा को नशीले पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी रात को थाने की हवालात में बंद था। देर रात उसने ड्यूटी पर तैनात सिपाही लवदीप सिंह से कहा कि उसे बाथरूम जाना है। जैसे ही सिपाही लवदीप ने उसे हवालात से बाहर निकाला, आरोपी सुखराज ने सिपाही को धक्का दिया और थाने से फरार हो गया। जब तक कोई कुछ समझ पाता, आरोपी आंखों से ओझल हो चुका था।
इस घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरी घटना की जांच के बाद सिपाही लवदीप सिंह की घोर लापरवाही पाई गई, जिसके चलते उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, फरार हुए नशा तस्कर सुखराज सिंह सुक्खा को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
View this post on Instagram

Drug smuggler escaped from Jalandhar police








