होशियारपुर: पंजाब में नशे का दैत्य थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला होशियारपुर जिले के मुकेरियां स्थित उमरपुर गांव से सामने आया है, जहां नशे की ओवरडोज के कारण एक और युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान अजय गिल के रूप में हुई है। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
बाजू में लगी थी इंजेक्शन की सुई
घटना का खुलासा तब हुआ जब परिवार के सदस्यों ने अजय को बेसुध हालत में देखा। परिजनों ने बताया कि जब उन्होंने अजय को संभाला तो वह मृत पड़ा था और उसकी बाजू में एक इंजेक्शन की सुई (सिरिंज) लगी हुई थी। यह देखकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। मृतक की मां ने भी इस बात की पुष्टि की है कि उनका बेटा नशे की दलदल में फंसा हुआ था और इसी ओवरडोज ने उसकी जान ले ली।
मां ने तस्करों के आगे जोड़े थे हाथ
इस घटना ने एक मां की बेबसी को भी उजागर किया है। मृतक की मां ने बताया कि उन्होंने कई बार नशा बेचने वालों से जाकर मिन्नतें की थीं और आग्रह किया था कि वे उनके बेटे को नशा न दें। इसके बावजूद नशा तस्कर बाज नहीं आए। पीड़ित परिवार ने सीधा आरोप लगाया है कि पंजाब पुलिस भी नशा तस्करों के साथ मिली हुई है, जिसकी शह पर इलाके में खुलेआम नशा बिक रहा है और पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं करती।
ग्रामीणों में भारी आक्रोश
गांव के लोगों में इस घटना को लेकर भारी गुस्सा है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में नशे का कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है, लेकिन प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की, तो पंजाब की पूरी युवा पीढ़ी इसी तरह बर्बाद हो जाएगी। परिवार और ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि नशे के इस नेटवर्क को तोड़ा जाए ताकि किसी और मां की गोद सूनी न हो।

Drug menace in Punjab: Young man’s body found with a syringe still in his arm








