
बेंगलुरु: बेंगलुरु में अपनी पत्नी डॉक्टर कृतिका एम रेड्डी की निर्मम हत्या करने के आरोपी डॉक्टर महेंद्र रेड्डी जीएस के मामले में एक सनसनीखेज खुलासा हुआ है। खबर है कि पत्नी की मौत के कुछ महीनों बाद ही आरोपी डॉक्टर ने दूसरी शादी के लिए करीब आधा दर्जन महिलाओं से संपर्क साधा और उन्हें शादी का प्रस्ताव भी दे डाला।
पुलिस का कहना है कि रेड्डी ने एक महिला के सामने यह तक कबूल कर लिया कि उसने अपनी पत्नी को मार दिया है। यह खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन और लैपटॉप खंगाला। वहीं, डॉक्टर कृतिका की फॉरेंसिक रिपोर्ट में भी उनके शरीर में बेहोशी की दवा (एनेस्थीसिया) की पुष्टि हो गई है।
‘PhonePe’ पर भेजा कबूलनामा
‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, डॉ. रेड्डी ने कम से कम 4 से 5 महिलाओं को आपत्तिजनक संदेश भेजे थे। इनमें एक मेडिकल प्रोफेशनल भी शामिल थी। पुलिस के मुताबिक, रेड्डी ने इस महिला को मैसेज किया, “मैंने तुम्हारे लिए अपनी पत्नी को मार दिया है।”
खास बात यह है कि जब महिला ने उसे कई मैसेजिंग ऐप्स पर ब्लॉक कर दिया, तो आरोपी ने यह कबूलनामा उसे ‘फोन पे’ (PhonePe) ऐप के जरिए भेजा।

क्या है पूरा मामला?
पुलिस का कहना है कि रेड्डी ने 24 अप्रैल (2025) को अपनी पत्नी डॉ. कृतिका की एनेस्थीसिया देकर हत्या कर दी थी। मामले का खुलासा होने के बाद, पुलिस ने 14 अक्टूबर (2025) को उसे उडुपी जिले से गिरफ्तार कर लिया था।
डीसीपी वाइटफील्ड, के. परशुराम ने बताया है कि ‘फोन पे’ के जरिए भेजे गए मैसेज की जांच की गई है और महिला के बयान भी दर्ज कर लिए गए हैं। महिला ने पुलिस को कथित तौर पर बताया कि उसने रेड्डी की शादी (कृतिका से) होने से पहले ही उसे ब्लॉक कर दिया था। महिला को लगा था कि डॉक्टर उससे दोबारा बात करने की कोशिश में झूठा कबूलनामा दे रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस अपराध में महिला की कोई भूमिका नहीं है।
मुंबई की महिला को भी दिया झांसा
जांच अधिकारियों ने पाया है कि आरोपी डॉक्टर 2023 से ही मुंबई की एक महिला के भी संपर्क में था और उसे कई बार शादी का प्रस्ताव दे चुका था। बाद में, उसने अपने पिता से ही महिला को फोन करा दिया कि रेड्डी की मौत हो गई है, जिसके बाद दोनों का संपर्क टूट गया।
हैरानी की बात यह है कि इस साल सितंबर में (यानी पत्नी की हत्या के बाद) रेड्डी ने मुंबई की उस महिला से फिर बात की और बताया कि वह मरा नहीं है। उसने महिला से कहा कि “एस्ट्रोलॉजिकल चार्ट के अनुसार, उसकी पहली पत्नी मरने वाली थी।” रेड्डी ने कहा कि अब जब उसकी पत्नी मर चुकी है, तो वह उससे शादी करना चाहता है।
ससुर ने दर्ज कराई थी शिकायत
यह पूरा मामला तब सामने आया जब कृतिका के पिता और व्यवसायी के. मुनि रेड्डी (60) ने अपने दामाद डॉ. महेंद्र रेड्डी जीएस (31) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मुनि रेड्डी ने अपनी शिकायत में कहा कि उनकी बेटी डॉ. कृतिका (28) की शादी 26 मई 2024 को डॉ. महेंद्र से हुई थी।
आरोप है कि शादी के बाद से ही महेंद्र, कृतिका को परेशान करने लगा था और एक बड़ा अस्पताल बनाने के लिए कृतिका के परिवार पर पैसे देने का दबाव डाल रहा था। मुनि रेड्डी ने आरोप लगाया कि 21 अप्रैल 2025 को महेंद्र ने कृतिका को घर पर यह कहकर एनेस्थीसिया का इंजेक्शन दिया कि यह पेट दर्द की दवा है। अगली सुबह कृतिका बेहोश पाई गई और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
View this post on Instagram


doctor was looking for a second marriage










