जालंधर में जानलेवा हुई ठंड: इस इलाके में बेहोश मिला युवक, जांच के दौरान तोड़ा दम

जालंधर: जालंधर में पड़ रही कड़ाके की ठंड के चलते एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक का शव नई अनाज मंडी इलाके से बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जालंधर के सिविल अस्पताल भेज दिया है। पहचान न होने के कारण शव को 72 घंटे तक अस्पताल की मोर्चरी में रखा जाएगा। यदि इस अवधि में मृतक की पहचान नहीं हो पाती है, तो पुलिस द्वारा ही उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

यह घटना थाना डिवीजन नंबर-2 के अंतर्गत नई अनाज मंडी क्षेत्र में हुई। स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को बेहोश पड़ा देखा और तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया। सूचना मिलते ही थाना नंबर-2 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

सब इंस्पेक्टर गुलशन कुमार ने बताया कि पुलिस ने आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष है। पुलिस को मृतक के पास से कोई भी पहचान दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है और न ही शरीर पर कोई चोट का निशान मिला है। प्राथमिक जांच में मौत का कारण अत्यधिक ठंड लगना प्रतीत हो रहा है।

 

Cold turns fatal in Jalandhar: Young man found unconscious near Anaj Mandi

You cannot copy content of this page