कैप्टन की पार्टी ‘पंजाब लोक कांग्रेस’ को मिला चुनाव चिह्न, हॉकी और गेंद के साथ उतरेंगे मैदान में

चंडीगढ़: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी ‘पंजाब लोक कांग्रेस’ को चुनाव आयोग ने हॉकी और बॉल का चुनाव चिह्न दिया है। पार्टी ने एक ट्वीट में कहा कि यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि पंजाब लोक कांग्रेस को पार्टी का चुनाव चिन्ह हॉकी एंड बॉल मिल गया है। पार्टी ने कहा कि अब केवल गोल करना बाकी है। हॉकी भारत का राष्ट्रीय खेल है और पंजाब में बहुत लोकप्रिय है। यह राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में सबसे अधिक खेला जाता है।

गौरतलब है कि कैप्टन और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के बीच दूरियां बढ़ गई थीं और दोनों के बीच विवाद भी हो गया था। इसके बाद अमरिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और अपनी पार्टी ‘पंजाब लोक कांग्रेस’ बनाई। अमरिंदर सिंह की पंजाब लोक कांग्रेस ने बीजेपी से हाथ मिला लिया है और राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव में अपनी ताकत दिखाने को तैयार है।

Captain’s party ‘Punjab Lok Congress’ got the election symbol, will enter the field with hockey and ball