You are currently viewing पंजाब में हाड़ कंपाने वाली ठंड: इन 8 जिलों में शीत लहर का यलो अलर्ट, इस जिले में पारा 3.2 डिग्री; कोहरे के साथ प्रदूषण की भी मार

पंजाब में हाड़ कंपाने वाली ठंड: इन 8 जिलों में शीत लहर का यलो अलर्ट, इस जिले में पारा 3.2 डिग्री; कोहरे के साथ प्रदूषण की भी मार

चंडीगढ़: पंजाब और चंडीगढ़ में कड़ाके की ठंड ने जोर पकड़ लिया है। पहाड़ी इलाकों से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण पूरा राज्य शीत लहर की चपेट में आ गया है। मौसम विभाग ने आज पंजाब के 8 जिलों में शीत लहर का यलो अलर्ट जारी किया है। सुबह और शाम के समय घनी धुंध और गिरते पारे ने लोगों की मुश्किलें काफी बढ़ा दी हैं। पिछले 24 घंटों में राज्य के औसत तापमान में 0.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है। ठंड का सबसे ज्यादा असर फरीदकोट में देखने को मिला, जहां न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 3.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री से 8.6 डिग्री के बीच बना हुआ है।

मौसम विभाग ने आज फिरोजपुर, फरीदकोट, मुक्तसर, फाजिल्का, बठिंडा, मोगा और जालंधर समेत 8 जिलों में भीषण शीत लहर चलने की चेतावनी दी है। एक तरफ ठंड मार रही है, तो दूसरी तरफ जहरीली हवा ने सांस लेना मुश्किल कर दिया है। सुबह सात बजे मंडी गोबिंदगढ़ का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 253 दर्ज किया गया, जबकि चंडीगढ़ का एक्यूआई 217 रहा। बिगड़ते मौसम और प्रदूषण को देखते हुए चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है, जिसमें लोगों को जितना संभव हो सके घरों के अंदर रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी पंजाब और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसके चलते हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों की तरफ आ रही हैं, जो मौसम को प्रभावित कर रही हैं। विभाग का कहना है कि अगले सात दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा, हालांकि राज्य के कुछ हिस्सों में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। अगले तीन दिनों तक रात के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन कुछ स्थानों पर ठंड का प्रकोप और बढ़ सकता है।

Bone-chilling cold in Punjab: Yellow alert issued for cold wave in these 8 districts