
जालंधर: जालंधर के शाहकोट थाना परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब थाने की ऊपरी मंजिल पर बने एक कमरे से एक युवक का तीन दिन पुराना सड़ा-गला शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान गांव बाजवा कलां निवासी 26 वर्षीय गुरभेज सिंह उर्फ भेजा के रूप में हुई है, जो एक पूर्व कबड्डी खिलाड़ी था और पिछले कुछ समय से थाने में ही चाय-पानी पिलाने का काम करता था।
परिजनों के अनुसार, गुरभेज सिंह शुक्रवार को रोज की तरह काम के लिए थाने गया था, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटा। परिवार ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। हैरानी की बात यह है कि तीन दिनों तक थाने के कर्मचारियों को भी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं थी। रविवार देर रात जब थाना परिसर में तेज बदबू फैलने लगी तो पुलिसकर्मियों ने जांच शुरू की। जब वे छत पर बने कमरे में पहुंचे, तो वहां गुरभेज सिंह का शव पड़ा मिला, जो बुरी तरह सड़ चुका था।
सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नकोदर के सरकारी अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ पुलिस कर्मचारी भी शामिल हुए।
इस मामले पर शाहकोट के एसएचओ बलविंदर सिंह भुल्लर ने मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि जिस कमरे से शव मिला है, वहां पुलिसकर्मियों का आना-जाना बहुत कम होता है। उन्होंने कहा, “गुरभेज एक अच्छा खिलाड़ी और बॉडी बिल्डर था, हम उसकी काफी मदद करते थे। प्रारंभिक जांच में लगता है कि उसकी मौत किसी जहरीले कीड़े के काटने से हुई हो सकती है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
View this post on Instagram
body of a Kabaddi player found in police station








