You are currently viewing पंजाब कांग्रेस को बड़ा झटका: पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने थामा भाजपा का दामन, टूटा 50 साल पुराना रिश्ता

पंजाब कांग्रेस को बड़ा झटका: पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने थामा भाजपा का दामन, टूटा 50 साल पुराना रिश्ता

नई दिल्ली: पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने गुरुवार को नई दिल्ली में भाजपा का दामन थाम लिया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नई दिल्ली के राष्ट्रीय मुख्यालय में सुनील जाखड़ को भाजपा में शामिल किया। भाजपा में शामिल होने के बाद मीडिया से बात करते हुए सुनील जाखड़ ने कहा कि कांग्रेस के साथ 50 वर्षों का रिश्ता तोड़ना आसान नहीं था, 1972 से लेकर 2022 तक मेरी तीन पीढ़ियों ने कांग्रेस को अपना परिवार समझ कर काम किया। हर अच्छे-बुरे समय में पार्टी के साथ रहे। लेकिन कांग्रेस में मेरी राष्ट्रवादी आवाज को दबाने का प्रयास किया गया। मुझे पंजाब और देश के हित में बोलने के लिए नोटिस दिया गया।

जाखड़ ने कहा कि उन्हें इस बात के लिए कठघरे में खड़ा किया गया कि उन्होंने पंजाब को जाति और धर्म में नहीं बांटने की बात कही। कांग्रेस आलाकमान पर निशाना साधते हुए जाखड़ ने कहा कि उन्होंने किसी व्यक्ति या किसी निजी झगड़े की वजह से कांग्रेस नहीं छोड़ी बल्कि उनकी आवाज पर पाबंदी लगाने का प्रयास किया गया, बोलने के लिए नोटिस जारी किया गया। उन्होंने आगे कहा कि सुनील जाखड़ की आवाज को नहीं रोका जा सकता, गिरवी नहीं रखा जा सकता। राष्ट्रीयता को लेकर सुनील जाखड़ की आवाज उठती रहेगी।

आपको बता दें कि, राहुल गांधी से नाराज चल रहे सुनील जाखड़ ने शनिवार को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद जाखड़ ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर राजनीतिक परिस्थितियों और पंजाब के हालात पर चर्चा की। इस मुलाकात के एक दिन बाद गुरुवार को सुनील जाखड़ ने नई दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और अन्य नेताओं की मौजूदगी में भाजपा का दामन थाम लिया।

Big blow to Punjab congress Former state president Sunil Jakhar joined BJP, broke 50 years old relationship