You are currently viewing जालंधर की बहादुर बेटी कुसुम के हमलावरों को 10 साल की बामशक्कत कैद, नेशनल ब्रेवरी अवॉर्ड विजेता से मोबाइल झपटकर किया था कातिलाना हमला

जालंधर की बहादुर बेटी कुसुम के हमलावरों को 10 साल की बामशक्कत कैद, नेशनल ब्रेवरी अवॉर्ड विजेता से मोबाइल झपटकर किया था कातिलाना हमला

जालंधर: जालंधर की बहादुर छात्रा कुसुम कुमारी से मोबाइल झपटमारी और तेजधार हथियार से जानलेवा हमला करने के बहुचर्चित मामले में अदालत ने ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। अदालत ने वारदात को अंजाम देने वाले दोनों दोषियों को 10-10 साल की कठोर कारावास (बामशक्कत कैद) की सजा सुनाई है। गौरतलब है कि साल 2020 में महज 15 वर्ष की उम्र में बदमाशों से अकेले भिड़ जाने वाली कुसुम को अदम्य साहस के लिए 2023 में राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार (National Bravery Award) से सम्मानित किया गया था।

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (Additional Sessions Judge) परमिंदर सिंह राय की अदालत ने आरोपी अविनाश कुमार उर्फ आशु और विनोद कुमार उर्फ झिक्का को भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 307 (हत्या का प्रयास) और धारा 379-बी (झपटमारी) के तहत दोषी करार दिया। इसके अलावा आरोपी विनोद को चोरी की संपत्ति रखने के आरोप में आईपीसी की धारा 411 के तहत भी दोषी ठहराया गया।

अदालत ने दोनों दोषियों पर धारा 307 के तहत 50,000-50,000 रुपये और धारा 379-बी के तहत 20,000-20,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया। विनोद को धारा 411 के तहत अतिरिक्त दो साल के कठोर कारावास और 5,000 रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई गई। जुर्माना न भरने की सूरत में दोनों को अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

ट्यूशन से लौटते वक्त हुआ था हमला, सिर बचाने के लिए आगे कर दिया था हाथ
यह खौफनाक वारदात 30 अगस्त 2020 को घटी थी, जब लाला जगत नारायण डीएवी मॉडल स्कूल में 8वीं कक्षा में पढ़ने वाली कुसुम ट्यूशन पढ़कर पैदल घर लौट रही थी। दीन दयाल उपाध्याय नगर स्थित शिवज्योति पार्क के पास मोटरसाइकिल सवार झपटमारों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया। कुसुम डरी नहीं, बल्कि उसने भागकर बदमाश की कमीज पकड़ ली। खुद को घिरता देख बदमाश ने तेजधार दातर से उसके सिर पर जानलेवा वार कर दिया।

कुसुम ने सिर को बचाने के लिए अपना बायां हाथ आगे कर दिया, जिससे उसकी कलाई पर गहरा घाव हुआ और नसें कट गईं। अस्पताल में डॉक्टरों को उसकी कलाई, उंगलियों और अंगूठे की कटी नसों को जोड़ने के लिए आपातकालीन सर्जरी करनी पड़ी थी।

वायरल वीडियो ने पूरे देश को चौंकाया, कैप्टन सरकार ने दिया था सम्मान
वारदात का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कुसुम की बहादुरी की पूरे देश में सराहना हुई थी। 2023 में उसे तत्कालीन राष्ट्रपति द्वारा नेशनल ब्रेवरी अवॉर्ड से नवाजा गया। उस समय पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कुसुम की बहादुरी की प्रशंसा करते हुए जिला प्रशासन के जरिए 1 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की थी। वहीं, जालंधर के तत्कालीन पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत भुल्लर ने 50,000 रुपये की नकद सहायता और एक नया मोबाइल फोन भेंट किया था। जिला प्रशासन ने पीएपी फ्लाईओवर के नीचे कुसुम की बहादुरी को समर्पित ग्रैफिटी बनवाई थी और उसे ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान का ब्रांड एंबेसडर भी बनाया था।

गवाहों की गवाही और फोरेंसिक सबूतों ने तय की दोषियों की सजा
अदालत ने अपने फैसले में पीड़िता कुसुम और मौके पर मौजूद दो स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों की ठोस और अडिग गवाही को मुख्य आधार माना, जिन्होंने मौके पर ही भाग रहे अविनाश को पकड़ने में मदद की थी। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल हथियार, बरामद मोटरसाइकिल, सीसीटीवी फुटेज और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की रिपोर्ट ने अभियोजन पक्ष के आरोपों को पुख्ता साबित किया, जिसके आधार पर अदालत ने दोनों झपटमारों को सलाखों के पीछे भेज दिया।

Attackers of Kusum, a brave daughter of Jalandhar, sentenced to 10 years of rigorous imprisonment