
फिरोजपुर: सतलुज नदी के किनारे बसे और बाढ़ की मार झेल रहे फिरोजपुर के गांव बंडाला की बेटी गुरशरण कौर विर्क ने साहित्य के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने मात्र डेढ़ मिनट (90 सेकंड) में आठ कविताएं लिखकर अपना नाम ‘इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में दर्ज करा लिया है। यह उपलब्धि उन्होंने दस साल की कड़ी मेहनत और लगन के बाद हासिल की है।
गौरतलब है कि गांव बंडाला इस समय भी हर साल की तरह बाढ़ के पानी से पूरी तरह घिरा हुआ है। इन मुश्किल हालातों के बीच गुरशरण ने अपनी पढ़ाई और साहित्य साधना को जारी रखा। अपने पिता जसवंत सिंह से मिले हौसले के दम पर उन्होंने यह लक्ष्य हासिल किया है। गुरशरण कौर विर्क, जो अपने नाम के साथ अपने गांव का तखल्लुस ‘बंडाला’ लगाती हैं, वर्तमान में यूपीएससी (UPSC) परीक्षा की तैयारी कर रही हैं। उनका सपना एक प्रशासनिक अधिकारी बनकर अपने पिछड़े इलाके की तस्वीर बदलना है।

इस विश्व कीर्तिमान को स्थापित करने के बाद आज गुरशरण कौर ने गुरुद्वारा बाबा सहारी मल जी अक्कू मस्से के में नतमस्तक होकर परमात्मा का धन्यवाद किया। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रवक्ता दिलबाग सिंह विर्क, मुख्य ग्रंथी बाबा करम सिंह, काबल सिंह, जगतार सिंह सहित बड़ी संख्या में मौजूद संगत ने उन्हें सम्मानित किया।
इस मौके पर संगत को संबोधित करते हुए गुरशरण ने कहा, इंसान अगर दृढ़ इरादे से काम करे तो हर मंजिल हासिल कर सकता है। भले ही मुझे यह रिकॉर्ड बनाने में दस साल की मेहनत लगी, लेकिन ईश्वर के आशीर्वाद से मैंने कभी हिम्मत नहीं हारी। कमेटी के प्रवक्ता दिलबाग सिंह विर्क ने गुरशरण को इस सफलता के लिए बधाई दी और भविष्य में और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
View this post on Instagram


Amazing feat of Punjab’s daughter




