You are currently viewing जालंधर के स्कूल में 8 साल की बच्ची से क्रूरता का आरोप, हाथों पर पैर रखकर चलवाया; अस्पताल में भर्ती, 2 शिक्षिकाओं के खिलाफ शिकायत

जालंधर के स्कूल में 8 साल की बच्ची से क्रूरता का आरोप, हाथों पर पैर रखकर चलवाया; अस्पताल में भर्ती, 2 शिक्षिकाओं के खिलाफ शिकायत

जालंधर: जालंधर के वेस्ट हलके में काला संघिया रोड स्थित टैगोर इंटरनेशनल स्कूल में तीसरी कक्षा की मासूम छात्रा को मामूली बात पर क्रूर और अमानवीय सजा देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिर पर दो चोटियों की जगह एक चोटी बांधकर स्कूल पहुंची आठ वर्षीय बच्ची के हाथों को जमीन पर रखवाकर उस पर पैर रखकर चलवाया गया। इस खौफनाक सजा के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। पीड़ित परिजनों ने स्कूल की दो शिक्षिकाओं के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

दो चोटी की जगह एक बनाकर पहुंची थी टॉपर छात्रा, गुस्से में दी तालिबानी सजा
बस्ती दानिशमंदा के निवासी पीड़ित पिता रोहित कुमार ने बताया कि उनकी आठ वर्षीय बेटी तानवी तीसरी कक्षा में पढ़ती है और पढ़ाई में स्कूल की टॉपर छात्रा है। वीरवार को बच्ची बालों में दो पोंटी बनाने के बजाय एक पोंटी बनाकर स्कूल चली गई थी। इस मामूली सी बात पर शिक्षिका इतनी आगबबूला हो गई कि उसने मासूम बच्ची को अमानवीय सजा दे डाली। आरोप है कि अध्यापिका ने बच्ची के हाथों को फर्श पर रखवाया और उस पर पैर रखकर उसे आगे चलवाया।

डरी-सहमी बच्ची दो दिन तक नहीं सो पाई, रोते हुए बयां किया दर्द
पीड़ित परिजनों के अनुसार, शिक्षिका ने सजा देने के बाद बच्ची को धमकाया था कि वह घर पर किसी को इस बारे में कुछ न बताए। इस खौफनाक बर्ताव के कारण बच्ची गहरे सदमे में आ गई और पिछले दो दिनों से रात को सो भी नहीं पा रही थी। जब बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी, तो उसने रोते-रोते परिजनों के सामने पूरी आपबीती सुनाई।

पिता रोहित कुमार का कहना है कि अगर बच्ची ने यूनिफॉर्म या बालों के अनुशासन का कोई नियम तोड़ा भी था, तो अध्यापिका डायरी में नोट लिख सकती थी या पहचान पत्र पर दिए गए परिजनों के नंबर पर संपर्क कर सकती थी। मासूम पर इस तरह का शारीरिक अत्याचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त के काबिल नहीं है।

परिजनों को स्कूल में घुसने से रोका, गेट बंद कर मीडिया से बनाई दूरी
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन जब स्कूल पहुंचे, तो प्रबंधन का रवैया बेहद गैर-जिम्मेदाराना रहा। परिजनों का आरोप है कि मैनेजमेंट ने उन्हें न तो आरोपी अध्यापिका से मिलने दिया और न ही अंदर वीडियो बनाने की अनुमति दी। विरोध करने पर स्कूल प्रशासन ने उलटा बच्ची पर ही झूठी कहानी गढ़ने का आरोप लगा दिया।

परिजनों ने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि स्कूल बिना किसी स्थायी प्रिंसिपल के संचालित हो रहा है। मामला तूल पकड़ते ही स्कूल प्रबंधन ने मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और मीडिया कर्मियों से भी पूरी तरह दूरी बना ली।

बच्ची अस्पताल में भर्ती, पुलिस में 2 शिक्षिकाओं के खिलाफ शिकायत दर्ज
मासूम बच्ची के हाथों में गंभीर दर्द, सूजन और मानसिक आघात को देखते हुए परिजनों ने उसे तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इसके साथ ही पीड़ित पिता ने स्थानीय पुलिस थाने में दो आरोपी शिक्षिकाओं के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराकर उनके खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं में मामला दर्ज करने की गुहार लगाई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Allegation of cruelty against an 8-year-old girl at a Jalandhar school; she was made to walk with feet placed on her hands