पठानकोट: पंजाब के पठानकोट जिले के सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों व कॉलेजों के विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए एक जरूरी खबर है। जिला प्रशासन ने शहर के सभी शिक्षण संस्थानों में 7 अप्रैल को आधे दिन की छुट्टी का ऐलान किया है। इस संबंध में पठानकोट की डिप्टी कमिश्नर (DC) डॉ. पल्लवी ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं। प्रशासन का यह फैसला शहर के मौजूदा हालात और विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
विशाल शोभा यात्रा के चलते लिया गया अहम फैसला
डिप्टी कमिश्नर डॉ. पल्लवी द्वारा जारी किए गए आदेशों में बताया गया है कि गोस्वामी श्री गुरु नाभा दास महाराज जी के 490वें प्रकाश उत्सव के खास मौके पर 7 अप्रैल को पठानकोट शहर में एक विशाल शोभा यात्रा निकाली जा रही है। इस भव्य शोभा यात्रा का आयोजन गोस्वामी श्री गुरु नाभा दास महाशा सेवा समिति, पठानकोट की ओर से किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
छात्रों की सुरक्षा और ट्रैफिक डायवर्जन बनी मुख्य वजह
शहर में निकलने वाली इस विशाल शोभा यात्रा के कारण पठानकोट के ट्रैफिक व्यवस्था में कई बड़े बदलाव किए गए हैं और शहर के मुख्य मार्गों को डायवर्ट किया गया है। रास्तों के डायवर्जन की वजह से स्कूली बसों और आम वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो सकती है। ऐसे में लोगों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए और स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों को किसी भी तरह की ट्रैफिक जाम की समस्या या असुविधा से बचाने के लिए यह एहतियाती कदम उठाया गया है। डीसी के आदेशानुसार, जिला पठानकोट की सीमा के भीतर आने वाले सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल-कॉलेज आज आधे दिन के बाद बंद कर दिए जाएंगे।

All schools and colleges in this district of Punjab will remain closed for half the day on April 7








