You are currently viewing कमान छिनने के बाद राजा वडिंग ने बायो में लिखा ‘पूर्व प्रधान’, चेहरे की मायूसी छिपाते हुए बोले- हमेशा खुश रहता हूं; राहुल गांधी से मिलने दिल्ली पहुंचे

कमान छिनने के बाद राजा वडिंग ने बायो में लिखा ‘पूर्व प्रधान’, चेहरे की मायूसी छिपाते हुए बोले- हमेशा खुश रहता हूं; राहुल गांधी से मिलने दिल्ली पहुंचे

चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा चुनाव से महज तीन महीने पहले प्रदेश कांग्रेस की सियासत में बड़ा सियासी भूचाल आ गया है। कांग्रेस हाईकमान ने लुधियाना से लोकसभा सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) के अध्यक्ष पद से हटा दिया है। पद से हटाए जाने के तुरंत बाद राजा वड़िंग दिल्ली स्थित 10 जनपथ पहुंचे, जहां वे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर रहे हैं। 10 जनपथ पहुंचने पर राजा वड़िंग के चेहरे पर मायूसी साफ नजर आ रही थी। मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा कि वे राहुल गांधी के सामने अपने ‘दिल की बात’ रखेंगे और आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे।

बायो में लिखा ‘पूर्व प्रधान’, चेहरे की मायूसी छिपाते हुए बोले- हमेशा खुश रहता हूं
अध्यक्ष पद से विदाई के बाद अपनी पीड़ा को छिपाने की कोशिश करते हुए राजा वड़िंग ने पत्रकारों से कहा कि वे पार्टी के अनुशासित सिपाही हैं और हर हाल में खुश रहते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाकी सभी राजनीतिक सवालों का जवाब वे राहुल गांधी से मुलाकात के बाद ही देंगे। गौरतलब है कि राजा वड़िंग ने गुरुवार को ही अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) के बायो में बदलाव करते हुए खुद को ‘पूर्व अध्यक्ष, पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी’ लिख दिया था, जिसके बाद से ही उनके इस्तीफे को लेकर कयासबाजी तेज हो गई थी। हालांकि, पार्टी हाईकमान की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर उनके इस्तीफे की औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।

विजय इंदर सिंगला रेस में सबसे आगे, बाजवा और परगट सिंह के नाम पर भी मंथन
पंजाब चुनाव से ठीक पहले संगठन में अचानक हुए इस बड़े फेरबदल के बाद नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, नए कांग्रेस प्रधान की दौड़ में संगरूर से पूर्व सांसद और राज्य के पूर्व कैबिनेट मंत्री विजय इंदर सिंगला का नाम सबसे आगे चल रहा है। सिंगला को संगठन और चुनावी प्रबंधन का पुराना अनुभव है।

सिंगला के अलावा पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा का नाम भी प्रमुख दावेदारों में शामिल है। वहीं जालंधर कैंट से विधायक परगट सिंह, पूर्व मंत्री सुखबिंदर सिंह सरकारिया और अमृतसर से सांसद गुरजीत सिंह औजला के नामों पर भी पार्टी के शीर्ष स्तर पर गहन चर्चा हुई है। माना जा रहा है कि 10 जनपथ पर राहुल गांधी और राजा वड़िंग की बैठक समाप्त होते ही कांग्रेस आलाकमान पंजाब के नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का आधिकारिक ऐलान कर सकता है।

After losing the leadership, Raja Warring updated his bio to ‘Former Chief’; masking the dejection on his face